जयपुर शहर में 4 एवं ग्रामीण क्षेत्र में 10 स्थानों पर आयोजित हो रहा है चुनाव प्रशिक्षण

जयपुर शहर में 4 एवं ग्रामीण क्षेत्र में 10 स्थानों पर आयोजित हो रहा है चुनाव प्रशिक्षण

प्रथम दिवस 784 पीआरओ एवं 815 पीओ रहे उपस्थित

ईवीएम की कार्यप्रणाली एवं मतदान प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन कर दी गई जानकारी

जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए नियुक्त मतदान दलों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण बुधवार से प्रारंभ किया गया। जयपुर शहर में 4 एवं ग्रामीण क्षेत्र में 10 स्थानों पर आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान कार्य एवं विभिन्न प्रपत्रों के संधारण सहित निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारी दी जा रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) एवं जिला कलक्टर संदेश नायक द्वारा जयपुर शहर के प्रशिक्षण स्थलों महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशियल साइंसेज, पोद्दार इंस्टीट्यूट ऑफ  मैनेजमेंट, एचआरडीसी एवं आईजीपीआरएस में प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान दलों के कार्मिकों से ईवीएम से मतदान प्रक्रिया की सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में नगरीय निकाय चुनावों को संपन्न कराने के लिए किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश प्रदान किए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों को ताकिद कर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में नियुक्त सभी कार्मिकों द्वारा प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए मतदान प्रक्रिया एवं अपने दायित्वों की पूर्ण जानकारी प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए। अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी गई। पीआरओ तथा पीओ प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के दायित्वों के साथ-साथ बैलेट, टेण्डर वोट, सिलिंग, पोस्टल बैलेट, मॉक पोल, पीआरओ डायरी विभिन्न प्रकार के प्रपत्रों को सही ढंग से भरने एवं संधारित करने संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण के दौरान बी.यू. एवं सी.यू. का लाइव प्रदर्शन किया गया तथा ईवीएम मशीन के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई।  इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी देवयानी सहित प्रशिक्षण में 784 पीआरओ एवं 815 पीओ प्रथम उपस्थित रहे।