मोदीराज में कांग्रेस ने पहली बार छीनी सत्ता

मोदीराज में कांग्रेस ने पहली बार छीनी सत्ता

नई दिल्ली 
बीजेपी का विजयरथ 2018 के विधानसभा चुनावों में थम गया है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने BJP से छत्तीसगढ़ छीन लिया है और रुझानों से प्रबल संभावना बन रही है कि पार्टी राजस्थान में भी सरकार गंवा सकती है। 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद कांग्रेस से सीधी लड़ाई में पार्टी ने पहली बार किसी राज्य की सत्ता मुख्य विपक्षी पार्टी के हाथों गंवाई है।

हालांकि, पंजाब और कर्नाटक में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन पंजाब में बीजेपी एनडीए का हिस्सा रही थी और वह वहां मुख्य चेहरा नहीं थ। दूसरी तरफ, कर्नाटक में कांग्रेस ही सत्ता में थी। 

बता दें कि 'कांग्रेसमुक्त' भारत का नारा देने वाली मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की यह विजयी जोड़ी इन साढ़े चार सालों में कांग्रेस को एक-एक कर कई सूबों से बेदखल करती आ रही थी। हालांकि अब यह विजय क्रम रुका है। 

कांग्रेस में संजीवनी फूंकने की कोशिशों में लगे पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए लोकसभा चुनावों से पहले मिली यह बड़ी जीत है। यह संयोग ही है कि राहुल के कांग्रेस की कमान संभालने के करीब ठीक एक साल बाद पार्टी को यह जीत मिली है। राहुल गांधी आज ही के दिन 11 दिसंबर 2017 को पार्टी के अध्यक्ष बने थे। 

बीजेपी से छिन गया छत्तीसगढ़ का गढ़ः छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के नेतृत्व में पिछले 15 साल से चला आ रहा भगवा राज खत्म हो गया है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी में कांटे की टक्कर चल रही है। रुझानों के अनुसार राजस्थान में हर पांच साल में सरकार बदलने का ट्रेंड जारी रहा और इस बार बीजेपी कांग्रेस से पिछड़ती दिख रही है। 

इस हार के साथ ही देश के राजनीतिक नक्शे से भगवा रंग कुछ कम हुआ है। जानिए अब किन-किन राज्यों में बीजेपी-एनडीए की सरकार है। 

1-त्रिपुरा

2-उत्तर प्रदेश 
3-उत्तराखंड 
4-हिमाचल 
5-गोवा 
6-मणिपुर 
7-हरियाणा 
8-गुजरात 
9-झारखंड
10-महाराष्ट्र 
11-असम
12-अरुणाचल 

एनडीए गठबंधन की सरकारें 
1-बिहार 
2-सिक्किम