यूपी विधानसभा विशेष सत्र का बहिष्कार करेगा विपक्ष
लखनऊ
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर यूपी विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र का कांग्रेस बहिष्कार करेगी। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के अलावा सपा और बसपा भी इस विशेष सत्र का बहिष्कार कर सकती है।
विधानसभा में कांग्रेस के नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा कि हम इस विशेष सत्र का बहिष्कार कर रहे हैं क्योंकि यह केवल रिकॉर्ड बनाने के लिये हो रहा है। सरकार ने लोगों की समस्याओं से निपटने के लिये कुछ नहीं किया। लूट, हत्या, बलात्कार एवं अन्य अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और सरकार इस दिशा में कुछ भी नहीं कर रही है।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा '' दो अक्टूबर को सपा महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिये उनके प्रिय भजनों का पाठ करेगी। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फैसला किया है कि लखनऊ में गांधी प्रतिमा के पास दो अक्टूबर को एक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा और बापू के प्रिय भजन 'रघुपति राघव राजा राम का पाठ किया जायेगा। ''
उन्होंने कहा कि इस दौरान 'सारे जहां से अच्छा सहित अन्य देश भक्ति गीत भी गाये जायेंगे और इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव मौजूद रहेंगे। पार्टी के सभी विधायक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे इसलिये विशेष सत्र में मौजूद रह पाना मुश्किल होगा।
bhavtarini.com@gmail.com 