लॉकडाउन में शादी रचाने के लिए ने 850 km चलाई साइकिल, हुआ क्वारंटीन
बलरामपुर
लॉकडाउन अवधि में शादी रचाने के लिए सोनू चौहान ने 850 किलोमीटर दूरी साइकिल से तय कर ली। ये बात और है कि घर पहुंचने से पहले ही बलरामपुर पुलिस ने उसका रास्ता रोक लिया। स्वास्थ्य विभाग ने उसे 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया, जिससे उसके शादी की तारीख निकल गई।
सोनू की क्वारंटीन अवधि शनिवार को पूरी हो रही है। जिला प्रशासन उसे घर भेजने की तैयारी में जुटा है। सोनू को मलाल है कि अथक परिश्रम के बावजूद निर्धारित तिथि को उसकी शादी नहीं हो सकी।
जिला व थाना महराजगंज अंतर्गत पिपरा रसूलपुर चहेरी निवासी 24 वर्षीय सोनू कुमार चौहान पुत्र त्रिवेनी चौहान पंजाब प्रांत के लुधियाना स्थित सेमराला चौक में टाइल्स लगाने का काम करता था। सोनू के मुताबिक 15 अप्रैल 2020 को उसके शादी की तारीख तय थी। बारात महराजगंज जिले में ही जानी थी। उसे 10 दिन पहले शादी में शामिल होने के लिए घर पहुंचना था।
25 मार्च को लॉकडाउन के बाद सोनू लुधियाना में ही फंस गया। वहां से निकलने का प्रयास विफल होता देखकर वह 30 मार्च को साइकिल से घर के लिए निकल पड़ा। महराजगंज जिले के चार अन्य साथी भी उसके साथ हो लिए। सोनू अपने दोस्तों के साथ चार अप्रैल की रात बलरामपुर नगर पहुंचा। वीर विनय चौराहा पर पुलिस ने रोककर उससे पूछताछ की।
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद स्वास्थ्य विभाग टीम ने सभी को रिश्ता दरबार मैरिल हाल में 14 दिनों के लिए क्वारंटीन कर दिया। सोनू स्वस्थ है। सदर एसडीएम नागेन्द्रनाथ यादव ने बताया कि सोनू को संबंधित जिले के थाना में सुपुर्द किया जाएगा। उसके बाद वह घर जा सकेगा। सोनू ने बताया कि शादी की तारीख निकल चुकी है। शादी कब और कैसे होगी ये बात घर वाले ही तय करेंगे।
bhavtarini.com@gmail.com 