संबल योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले: संभागीय आयुक्त
ग्वालियर
ग्वालियर संभाग में राजस्व प्रकरणों के साथ ही मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना की समीक्षा प्रदेश के मुख्य सचिव श्री बसंत प्रताप सिंह 12 सितम्बर 2018 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं की अपग्रेड जानकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनिवार्यत: उपस्थित रहें। उक्त निर्देश संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने सोमवार को अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिए हैं।
मोतीमहल के मानसभागार में आयोजित बैठक में संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने कहा है कि आम जनों को शासन की योजनाओं का लाभ तत्परता से देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ किया है। शासन की इस योजना का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि संभाग के सभी जिलों में संबल योजना के तहत पात्र सभी हितग्राहियों का पंजीयन हो और उन्हें समय पर योजना का लाभ मिले, यह विभागीय अधिकारी की जवाबदारी है।
संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने कहा कि संबल योजना के तहत पंजीकृत किसी भी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो उसे अंत्येष्टि हेतु 5 हजार रूपए की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराई जाना है। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में यह राशि तत्काल पीड़ित परिवार को उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपए और दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपए की राशि पीड़ित परिवार को समय रहे उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग भी पंजीकृत श्रमिकों को अपने विभाग की योजनाओं के तहत तत्परता से लाभान्वित करे।
बैठक में बताया गया कि ग्वालियर संभाग में संबल योजना के तहत कुल 22 लाख 11 हजार से अधिक आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। आवेदन पत्रों में अंत्येष्टि सहायता के तहत 740, सामान्य मृत्यु होने पर 623 परिवारों को दो - दो लाख रूपए की राशि तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर 77 पीड़ित परिजनों को 4 - 4 लाख रूपए की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। प्रसव पूर्व प्रोत्साहन के तहत 4 हजार 293 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है।
संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के तहत लक्षित हितग्राहियों को समय रहते लाभ मिले, इस पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। शासकीय कार्यक्रमों और योजनाओ का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाया जाए। बैठक में अन्य विभागीय कार्यक्रमों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में डीन मेडीकल कॉलेज डॉ. एस एन अयंगर, संभागीय संयुक्त आयुक्त श्री बी एल जाटव, उपायुक्त श्री विनोद भार्गव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
bhavtarini.com@gmail.com 
