स्विटजरलैंड: महिला सैनिकों को मिली बढ़ी राहत, नहीं पहनना होगा पुरुषों का अंडरवियर

स्विटजरलैंड: महिला सैनिकों को मिली बढ़ी राहत, नहीं पहनना होगा पुरुषों का अंडरवियर

ज्‍यूरिख
स्विटजरलैंड के इतिहास पहली बार महिला सैनिकों को बड़ी राहत मिली है। स्विस सेना की महिला सैनिकों को अब पुरुषों के अं‍डरव‍ियर पहनने से मुक्ति मिल गई है। स्विटजरलैंड सरकार ने यह फैसला ऐसे समय पर लिया है जब वह महिला सैनिकों की भर्ती बढ़ाने पर जोर दे रही है। वर्तमान व्‍यवस्‍था में महिला सैनिकों को पहनने के लिए केवल पुरुषों के अं‍डरव‍ियर मिलते हैं। बीबीसी ने स्‍थानीय स्विस मीडिया के हवाले से यह जानकारी दी है। स्विस राष्‍ट्रीय परिषद के एक सदस्‍य मरिअन्‍न बिंदेर ने कहा, 'सेना के कपड़े पुरुषों के लिए डिजाइन किए गए हैं लेकिन अगर सेना वास्‍तव में और ज्‍यादा नारी सुलभ बनेगी तो समुचित कदम उठाने होंगे।' उन्‍होंने कहा कि महिलाओं के कपड़े उन्‍हें सेना में शामिल होने के लिए प्रोत्‍साहित कर सकते हैं।

अब तक स्विटजरलैंड की सेना महिला सैनिकों को लूज फिटिंग वाले अं‍डरव‍ियर देती रही है। यह स्विस महिला सैनिकों के लिए काफी परेशानी भरा हो सकता है। सेना के प्रवक्‍ता ने बताया कि आने वाले बदलावों में गर्मी के मौसम में 'शॉर्ट अंडरवियर' और सर्दी के मौसम में 'लंबे अंडरवियर' शामिल हैं। उन्‍होंने कहा कि वर्तमान कपड़े महिला सैनिकों के लिए पुराने हो गए हैं। वर्तमान समय में स्विटजरलैंड की सेना में एक प्रतिशत महिला सैनिक हैं। आने वाले 20 साल तक स्विटजरलैंड महिला सैनिकों की संख्‍या को 10 फीसदी की दर से बढ़ाना चाहता है। देश की रक्षा मंत्री विओला अमहर्ड ने महिला सैनिकों के लिए अलग अंडरवियर बनाने की योजना स्‍वागत किया है। वर्ष 2004 से स्विटजरलैंड में महिला और पुरुष सैनिक एक जैसी ड्यूटी कर रहे हैं। एक महिला सैनिक ने कहा कि नए अंडरवियर के मिलने पर उन्‍हें भारी वजन लेकर चढ़ने में आसानी होगी।