120 मतों से एनपी प्रजापति को निर्वाचित घोषित किया
भोपाल
विधानसभा सत्र के दूसरे दिन अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सदन में आज जमकर हंगामा हुआ। इसके चलते दो बार सदन को स्थगित करना पड़ा। इसके बाद जैसे ही सदन समवेत हुआ तो विपक्ष की नारेबाजी और उसके बाद किए गए वाक आउट के बाद प्रोटेम स्पीकर ने मत विभाजन के आधार पर कांग्रेस की ओर से घोषित कैंडिडेट एनपी प्रजापित को निर्वाचित घोषित कर दिया। उधर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज के दिन को लोकतंत्र के लिए काला दिन बताया है और भाजपा विधायकों के साथ पैदल मार्च कर राजभवन जाकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
दो बार स्थगित होने के बाद जब समवेत शुरू हुआ तो पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रोटेम स्पीकर द्वारा बीजेपी की ओर से प्रस्तावित विजय शाह का नाम न लाना आदिवासी नेता का अपमान है। इसलिए हम वाक आउट करते हैं। इस पर मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि अगर आदिवासी वर्ग का इतना ध्यान है तो नेता प्रतिपक्ष के लिए क्यों नहीं चुना गया? इस बीच विपक्ष सदन से वाक आउट कर चुका था। संसदीय कार्यमंत्री गोविन्द सिंह ने कहा कि हम वोटिंग को तैयार है लेकिन उनका बहुमत नहीं है। इसलिए चले गए हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि विपक्ष का व्यवहार पहले से सदन की गरिमा के विपरीत है। नियम का पालन करना सबका कर्तव्य है। स्पीकर अपने विवेक से जो निर्णय लेंगे उसके लिए हम पहले से तैयार हैं। हम तो बताना ही चाहते थे कि उनकी सरकार बहुमत की सरकार है।
मुख्यमंत्री कमलनाथ के बाद प्रोटेम स्पीकर दीपक सक्सेना ने कहा कि वे चुनाव के लिए तैयार हैं। इस पर बसपा विधायक ने प्रस्ताव दिया कि चुनाव मत विभाजन के आधार पर हो। इस पर स्पीकर ने कहा कि वोटिंग होगी। तब तक विपक्ष जा चुका था। इसके बाद कांग्रेस और सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी में वोटिंग कराई गई और 120 मतों से एनपी प्रजापति को निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
bhavtarini.com@gmail.com 
