16 थानों की कमान शुक्रवार को एक बार फिर मेधावी बेटियों के हाथों में दी, चार घंटे का थानों का प्रभारी बनाया

16 थानों की कमान शुक्रवार को एक बार फिर मेधावी बेटियों के हाथों में दी, चार घंटे का थानों का प्रभारी बनाया

 रामपुर 
यूपी में रामपुर जिले के सभी 16 थानों की कमान शुक्रवार को एक बार फिर मेधावी बेटियों के हाथों में दी गई। शासन के आदेश पर उन्हें चार घंटे का थानों का प्रभारी बनाया गया है। इस दौरान थानों में मेधावी बेटियों का हुक्म चला। प्रभारी बनकर बेटियों ने फरियादें सुनीं और वाहन चेकिंग कर बिना हेलमेट और बिना मास्क वाहन चलाने वालों का चालान काटकर मौके पर ही जुर्माना भी वसूला।

प्रदेश सरकार मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को उनकी शक्ति का अहसास कराया जा रहा है। जनपद में कुछ रोज पहले टॉपर बेटियों को जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत समस्त विभागों के अधिकारियों की कुर्सी पर बैठाया गया था। बेटियों को न सिर्फ कुर्सी दी गई थी बल्कि सभी अधिकार भी दिए गए थे। इसके अगले दिन जनपद में पुलिस अधीक्षक ने समस्त थानों में प्रभारी और दरोगा भी बेटियों को बनाया था। थाना प्रभारी बनाने का संदेश शासन तक गया था, जो पसंद किया गया। अब शासन ने प्रदेश भर में शुक्रवार को थानों की कमान चार घंटे तक बेटियों को देने का निर्णय लिया। शासन के आदेश पर अंतरराष्ट्रीय बाल अधिकार दिवस पर शुक्रवार को मिशन शक्ति के तहत जनपद के समस्त थानों का प्रभारी बनाने के लिए मेधावी बेटियों का चयन किया गया। 

इसमें स्कूलों की टॉपर छात्राओं को चुना गया। उन्हें सूचना दी गई और शुक्रवार को थाना प्रभारी की कार उन्हें लेने घर पहुंची। जनपद के सभी 16 थानों में ठीक 10 बजे थाने का कार्यभार संभाला और दो बजे तक उनका ही हुक्म चला। इस दौरान थानों में होने वाले सभी काम उनके आदेश या उनकी सहमति से किए गए। सिविल लाइंस में ग्रीववुड की टॉपर छात्रा इकरा बी को प्रभारी बनाया गया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने उन्हें थाने का भ्रमण कराया और जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम भी सिविल लाइंस थाने पहुंचे और इकरा बी को पुलिस के कामकाज की जानकारी दी। फरियादें भी सुनीं और संबंधित को निस्तारण के निर्देश भी दिए। शहर कोतवाली में इजा और गंज कोतवाली में मीना कुमार को थाना प्रभारी बनाया गया। बाद में सभी ने सड़कों पर वाहन चेकिंग भी की और चालान काटकर जुर्माना भी वसूल किया।


यह बेटियां बनाई गईं थाना प्रभारी

1- ग्रीनवुड सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल से कक्षा 12 की छात्रा इकरा बी पुत्री आसिम खान को थाने सिविल लाइंस थाने का प्रभारी बनाया गया। 

2- राजकीय खुर्शीद कन्या इण्टर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा इजा पुत्री इरफान को थाना प्रभारी कोतवाली बनाया गया।  

3- राजकीय राजकीय रजा पीजी कॉलेज की बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा मीना कुमारी पुत्री रमेश सिंह को प्रभारी थाना गंज बनाया गया।  

4- राजकीय इण्टर कॉलेज पहाड़ी गेट की कक्षा 12 की छात्रा सिरीन पुत्री  मौहम्मद अकरम अंसारी को महिला थाना प्रभारी बनाया गया।  

5- कृष्णा कॉलेज बिजनौर की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा शिवांगी गुप्ता पुत्री अनिल कुमार गुप्ता को स्वार थाना प्रभारी बनाया गया।  

6- विद्या निकेतन इण्टर कॉलेज मानपुर मुरादाबाद की कक्षा 11 की छात्रा पारूल पुत्री विजय सिंह को थाना टाण्डा का प्रभारी बनाया गया।  

7- वेद प्रकाश इण्टर कॉलेज मुरसेना की कक्षा 12 की छात्रा किरन पुत्री मलखान सिंह को अजीमनगर थाना प्रभारी बनाया गया।  

8- चौधरी जमनादास इण्टर कॉलेज माटखेड़ा की कक्षा 12 की छात्रा बुशरा बी पुत्री इब्ने हसन को थाना मिलकखानम का प्रभारी बनाया गया।  

9- राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुआखेडा बिलासपुर की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रगति शर्मा पुत्री अनिल शर्मा को बिलासपुर का थाना प्रभारी बनाया गया।  

10- गुरुनानक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोधी  खजुरिया की कक्षा 10 की छात्रा शुभनीत कौर पुत्री नरेन्द्र सिंह को  खजुरिया का थाना प्रभारी बनाया गया।  

11- श्यामा देवी इण्टर कॉलेज रासडण्डिया की कक्षा 12 की छात्रा खुशबू पुत्री सुरेश गंगवार को केमरी थाना प्रभारी बनाया गया।  

12- डा. प्रताप सिंह मलिक कॉलेज ऑफ नर्सिंग एण्ड हॉस्पिटल मनकरा की जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा शीतल गौतम पुत्री नरेश कुमार को भोट थाना प्रभारी बनाया गया।  

13- गुरु अमरदास बालिका शिक्षण निकेतन मिलक की कक्षा 12 की छात्रा कल्पना गंगवार पुत्री विजेंद्र सिंह गंगवार को प्रभारी थाना मिलक बनाया गया।  

14- दयावती मोदी एकेडमी की कक्षा 11 की छात्रा गरिमा भाटिया पुत्री दिलीप कुमार भाटिया को  शहजादनगर थाना प्रभारी बनाया गया।  

15- राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज पटवाई की कक्षा 12 की छात्रा अक्शा बी पुत्री अकील अहमद को पटवाई थाना प्रभारी बनाया गया।  

16- राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज शाहबाद की कक्षा 11 की छात्रा इलमा पुत्री अफजाल खां को शाहबाद थाना प्रभारी बनाया गया।