कान्हा में वन मंत्री उमंग सिंघार ने 9 बाघों के किए दीदार
संचालक ने विभागीय समीक्षा बैठक में टाइगर रिज़र्व के कार्यों की दी जानकारी
भूर सिंह प्ले स्कूल के बच्चों से भी मिले वन मंत्री
गाइड्स की मांग पर बढ़ाया टूरिस्ट्स गाइड फीस
महिला गाइड रामकली बाई को मिला बेस्ट गाइड का पुरूस्कार
Syed Javed Ali
मंडला - मध्य प्रदेश शासन के वन मंत्री उमंग सिंघार दो दिवसीय दौरे पर कान्हा टाइगर रिजर्व पहुंचे। वन मंत्री बनने के बाद प्रदेश में किसी भी संरक्षित क्षेत्र का उनका यह पहला दौरा था। किसली स्थित विश्राम गृह में उनका स्वागत क्षेत्र संचालक एल कृष्णमूर्ति, मुख्य वन संरक्षक जबलपुर वन वृत्त आरडी महाला, कान्हा टाइगर रिजर्व के उपसंचालक सुश्री अंजना सुचिता तिर्की के साथ अधिकारियों ने किया। सोमवार की शाम कान्हा टाइगर रिजर्व पहुंचे वन मंत्री ने मंगलवार की सुबह कान्हा टाइगर रिजर्व के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान कान्हा क्षेत्र संचालक ने वन मंत्री को वन प्राणी संरक्षण संबंधी विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। वन मंत्री ने कान्हा स्थित पार्क इंटरप्रिटेशन सेंटर का भी अवलोकन किया। उन्होंने इसके जल्द पुर्नउद्धार के निर्देश भी दिए। पार्क भ्रमण के दौरान वन मंत्री विभिन्न वन्य प्राणी प्रजातियों के साथ - साथ 9 बाघों के दीदार भी किए। इस दौरान वन मंत्री द्वारा पार्क प्रबंधन संबंधी अनेक जानकारियां हासिल की गई। उन्होंने वन्य प्राणी संरक्षण संबंधी आवश्यक निर्देश भी दिए।

दोपहर में खटिया स्थिति को सेंटर में विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में क्षेत्र संचालक द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया गया। इस प्रेजेंटेशन के जरिए उन्होंने टाइगर रिजर्व के कोर एवं बफर मंडलों से संबंधित विभिन्न वन्य प्राणी संरक्षण एवं वानिकी संबंधी गतिविधियों के बारे में बताया। वन मंत्री द्वारा इस दौरान कुछ प्रश्न भी पूछे गए, जिसका जवाब कान्हा प्रबंधन द्वारा दिया गया। समीक्षा बैठक के दौरान वन मंत्री द्वारा विभिन्न स्तर के अधिकारियों कर्मचारियों गाइड एवं वाहन चालकों आदि की समस्या बहुत ध्यान पूर्वक सुनी गई एवं इनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही हेतु उन्हें आश्वस्त भी किया गया।

वन मंत्री ने गाइड के शुल्क बढ़ने के भी निर्देश जारी किये जो आगामी पर्यटन वर्ष से लागू होगा। कान्हा टाइगर रिज़र्व में भ्रमण के लिए अब जी - 1 श्रेड़ी के गाइड के 500 रूपये की जगह 600 रूपये और जी - 2 श्रेड़ी के लिए 360 रूपये की जगह पर्यटकों को 480 रूपये अदा करने होंगे। वन मंत्री ने उक्त निर्णय गाइड के समूह द्वारा की गई मांग के बाद लिया। वन मंत्री ने महिला गाइड रामकली बाई को बेस्ट गाइड का पुरूस्कार प्रदान किया। इस पुरुस्कार को प्राप्त करने पर रामकली बाई को टूर ऑपरेटर फॉर टाइगर की तरफ से 20 हज़ार रूपये प्रदान किये गए। वन मंत्री ने भी अपनी 20 हज़ार रूपये देने की घोषणा की। अपने कान्हा दौरे के दौरान वन मंत्री भूर सिंह प्ले स्कूल भी पहुंचे और वहां के बच्चों से मुलाक़ात की। मुख्य वन संरक्षक जबलपुर वन वृत्त आरडी महाला, क्षेत्र संचालक एल कृष्णमूर्ति, उपसंचालक सुश्री अंजना सुचिता तिर्की, पार्क अधीक्षक सुधीर मिश्रा, रिसर्च ऑफिसर डॉ. राकेश शुक्ला सहित पार्क प्रबंधन के अधिकारी - कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।