प्रथम चरण का प्रचार थमा, 21 अक्टूबर को प्रशिक्षण के बाद रवाना होंगे मतदान दल

प्रथम चरण का प्रचार थमा, 21 अक्टूबर को प्रशिक्षण के बाद रवाना होंगे मतदान दल

निर्वाचन कार्य को राष्ट्रीय महत्व का कार्य मानते हुए पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा, निष्पक्षता एवं गंभीरता से करें संपादित - जिला निर्वाचन अधिकारी

जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत जयपुर जिले में प्रथम चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रथम चरण के लिए बुधवार, 21 अक्टूबर को मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण  के उपरांत संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगें।
मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के संचालन तथा निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद दलों को निर्वाचन सामग्री एवं निर्धारित व्यवस्थाओं के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने मंगलवार को भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में सभी संबंधित 8 पंचायत समितियों को रिटर्निंग अधिकारी सहित अन्य सभी चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ प्रथम चरण के मतदान व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने वीसी के माध्यम से सभी संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण की निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ चुनावों से संबंधित सभी कार्मिकों को निर्वाचन को राष्ट्रीय महत्व  का कार्य मानते हुए पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता, ईमानदारी एवं गंभीरता से संपादित करने के निर्देश प्रदान किए हैं।

उन्होंने मतदान के उपरांत ईवीएम का संग्रहण संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर कर उसे भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में सुरक्षित पहँचाने के निर्देश दिए हैं।
 उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए गुरुवार, 22 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। प्रथम चरण में पंच एवं सरपंच पदों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद शनिवार, 24 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। उपसरपंच का चुनाव रविवार, 25 अक्टूबर को निर्धारित है। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को प्रातः 8 बजे से भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में की जाएगी।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी, जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण, कोषाधिकारी सौरभ पालीवाल सहित संबंधित रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित थे।