हनुमान भक्त कमलनाथ पहुंचे बागेश्वर धाम, हिंदू राष्ट्र पर बोले- भारत संविधान के अनुसार ही चलेगा

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सोमवार को छतरपुर के गढ़ा स्थित बागेश्वरधाम पहुंचे। यहां सबसे पहले उन्होंने बालाजी सरकार के दर्शन किए। इसके बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मिलने पहुंचे। मुलाकात के बाद उन्होंने पंडित शास्त्री के हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग को लेकर बड़ा बयान दिया।
कमलनाथ से जब मीडियाकर्मियों ने पूछा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री तो भारत को हिंदू राष्ट्र की बनाने की बात कहते हैं। तो पूर्व सीएम बोले- भारत अपने संविधान के अनुसार चलता है। बाबा साहब अंबेडकर ने संविधान बनाया था। वही भारत का संविधान है। कमलनाथ ने आगे कहा, मैंने छिंदवाड़ा में सबसे बड़ा हनुमान मंदिर बनवाया है। 101 फीट से भी ऊंचा। यहां मैंने हनुमानजी के दर्शन कर प्रार्थना की। मध्यप्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहे। आज प्रदेश में जो चुनौतियां हैं। इन चुनौतियां का सामना हम सब मिलकर करें। महाराज ने मुझे अवश्य आशीर्वाद दिया। वह सभी को आशीर्वाद देते हैं।
खुद को बताया हनुमान भक्त
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि उन्होंने अपने छिंदवाड़ा में हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा करवाई है। उन्होंने कहा कि 101 फीट ऊंचा हनुमान मंदिर बनाया है। बागेश्वर धाम आने पर कहा, प्रार्थना करने आया हूं कि मध्यप्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहे। मध्यप्रदेश में जो चुनौतियां हैं, उनका हम सब मिलकर सामना करेंगे। महाराज ने मुझे आशीर्वाद दिया है। बाबा साहब अंबेडकर ने संविधान बनाया था। बाबा साहब के संविधान से देश चलेगा। पत्रकारों ने जब उनसे हिंदू राष्ट्र की मांग का प्रश्न किया तो कमल नाथ ने कहा संविधान जो भारत का है, वही संविधान भारत का है। इतना कहकर वे आगे बढ़ गए। यहां बता दें, बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर ने एक दिन पहले ही हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि बागेश्वर धाम में हो रहा यज्ञ भी हिंदू राष्ट्र बनाने की अवधारणा से किया जा रहा है।
चार्टर्ड फ्लाइट से पहुंचे
कमलनाथ सुबह 10.15 पर खजुराहो विमानतल पर चार्टर्ड फ्लाइट से पहुंचे। उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव भी नजर आए। यहां जिलाध्यक्ष लखन लाल पटेल की अगुवाई में जिले के विधायक, पूर्व विधायक, संगठन प्रभारी, संगठन मंत्री सहित पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यहां से कमलनाथ हेलीकॉप्टर के जरिए करीब साढ़े 10 बजे बागेश्वर धाम पहुंचे। जहां उन्होंने बालाजी सरकार के दर्शन एवं पूजा-पाठ कर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की।कमलनाथ ने यहां पहुंचकर किसी भी राजनीतिक मुद्दे पर बात नहीं की। यहां वे पूरी तरह से भक्ति के रंग में नजर आए। हनुमान जी के दर्शन के बाद वे कार में सवार होकर सीधे हेलीपैड के लिए रवाना हुए। इस दौरान पहले वे गाड़ी में बैठे-बैठे लोगों का अभिवादन स्वीकारते रहे, लेकिन बाद में कार का गेट खोलकर खड़े हो गए और फिर हाथ हिलाते हुए आगे बढ़े। यहां उन्होंने बच्चों से बात की और उनके सिर पर हाथ रखकर दुलारा भी।