स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर ने किया आह्वान, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का लाभ लेने के लिए बनवाएं हेल्थ कार्ड :
राजपुरा, पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पंजाब वासियों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए अपने हेल्थ कार्ड जल्द से जल्द बनवाएं। उन्होंने सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपने हेल्थ कार्ड स्वयं बनवाने का आग्रह किया। शनिवार को जिला प्रशासनिक परिसर, पटियाला में पटियाला हलके के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक के दौरान, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, एडीसी दमनजीत सिंह मान तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी अपने हेल्थ कार्ड बनवाकर आम जनता के लिए प्रेरणा बनें।
उन्होंने बताया कि जिले में लगभग एक लाख बच्चे सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में पढ़ रहे हैं, इसलिए शिक्षकों को भी अपने कार्ड बनवाने चाहिए और विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। डॉ. बलबीर सिंह ने अधिकारियों, विशेषकर शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वे लोगों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के साथ-साथ, मांवा -धियां सत्कार योजना के बारे में भी जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी इस सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये तथा एससी/एसटी वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये उनके खातों में दिए जाएंगे, जिसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने जा रही है। बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने पटियाला ग्रामीण क्षेत्र में स्कूलों की चारदीवारी, स्वच्छ पेयजल, मिड-डे मील तैयार करने के लिए शेड तथा अन्य सुविधाओं की भी समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि गांवों के तालाबों के नवीनीकरण और सफाई की योजना तैयार की जाए, क्योंकि गंदा पानी बीमारियों का कारण बन रहा है।
उन्होंने ड्रेनेज विभाग को भी निर्देश दिए कि आगामी मानसून से पहले बड़ी नदी को डकाला तक साफ और गहरा किया जाए, ताकि पानी के प्रवाह की क्षमता बढ़े और पटियाला में बाढ़ का खतरा न रहे।
bhavtarini.com@gmail.com
