जिस घर में दिव्यांगजन का सम्मान वहां और समृद्धि का वास होता है: सामाजिक न्याय मंत्री कुशवाह
जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र में लगे शिविर में 155 वृद्धजनों को बाँटे गए सहायक उपकरण
भोपाल, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा है कि जिस परिवार में वरिष्ठ जनों का आदर सम्मान होता है और उनके स्वास्थ्य व सुख-दुख की चिंता की जाती है, उस संस्कारवान परिवार में समृद्धि आती है। इसके विपरीत जहाँ वृद्धजन उपेक्षित रहते हैं वहाँ कभी भी वास्तविक तरक्की नहीं हो सकती। इसलिए हम सभी को पूरी संवेदनशीलता के साथ वृद्धजनों का सम्मान और उनकी सेवा करनी चाहिए। यह सभी का नैतिक दायित्व भी है। कुशवाह मंगलवार को ग्वालियर में अंतराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर राष्ट्रीय वयोयोजना के तहत जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र में आयोजित हुए शिविर में वृद्धजनों को सहायक उपकरण वितरित कर रहे थे।
सामाजिक न्याय मंत्री कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवाभावी कार्यक्रमों की श्रृंखला में ग्वालियर में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर यह शिविर आयोजित किया गया। सामाजिक न्याय विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 155 वृद्धजनों को एलिम्को से तैयार कराए गए व्हीलचेयर, वॉकर, कमर का पट्टा, छड़ी व कान की मशीन इत्यादि सहायक उपकरण वितरित किए गए। सामाजिक न्याय मंत्री कुशवाह ने सहायक उपकरण सौंपने के साथ-साथ वृद्धजनों को शॉल-श्रीफल व पुष्पाहारों से सम्मानित किया। उन्होंने कहा वयोयोजना के तहत तहसील स्तर भी चिन्हांकन एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किए जायेंगे।
वृद्धजनों के लिये स्वास्थ्य शिविर भी लगा, फिजियोथैरेपी भी की गई
सहायक उपकरण लेने आए वृद्धजनों के लिये अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र ग्वालियर में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 112 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। साथ ही नि:शुल्क दवाएँ भी वितरित की गईं। वहीं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थित फिजियोथैरेपी विभाग में भी निशुल्क फिजियोथैरेपी भी की गई।
bhavtarini.com@gmail.com 