पंजाब यूनिवर्सिटी ने लॉ प्रवेश परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई, अब 16 अप्रैल तक करें अप्लाई

पंजाब यूनिवर्सिटी ने लॉ प्रवेश परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई, अब 16 अप्रैल तक करें अप्लाई

चंडीगढ़, पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) ने बी.ए./बी.कॉम एलएलबी (ऑनर्स) 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स की प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। पीयू प्रशासन ने इस प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अप्रैल, 2026 कर दी है।

26 अप्रैल को ही होगी प्रवेश परीक्षा

विश्वविद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, विद्यार्थी अब 16 अप्रैल तक ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही अपनी तस्वीर, हस्ताक्षर व अन्य जरूरी जानकारी वेबसाइट पर अपलोड करने की प्रक्रिया भी इसी तिथि तक पूरी की जा सकती है। हालांकि, पीयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश परीक्षा की तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह परीक्षा अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अप्रैल, 2026 को ही आयोजित की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए पीयू की आधिकारिक वेबसाइट https://uglaw.puchd.ac.in पर विजिट कर सकते हैं।

यूआईएलएस में 'प्राइड' जर्नल का विमोचन

प्रवेश परीक्षा की तिथि बढ़ाने के साथ ही, वीरवार को विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (यूआईएलएस) में ट्रांसजेंडर अध्ययन पर केंद्रित एक नए जर्नल 'प्राइड' के उद्घाटन अंक का विमोचन भी किया गया। यूआईएलएस विभाग ने चंडीगढ़ प्रशासन के समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से 'प्राइड: जर्नल ऑफ द सेंटर फॉर ट्रांस स्टडीज' का पहला अंक जारी किया।

पीयू की कुलपति प्रो. रेणु विग ने परीक्षा नियंत्रक प्रो. जगत भूषण और यूआईएलएस की निदेशक प्रो. श्रुति बेदी की उपस्थिति में इस पीयर-रिव्यूड जर्नल को औपचारिक रूप से जारी किया। इस जर्नल का संपादन प्रो. गुलशन कुमार, प्रो. नवनीत कौर और सह-संपादक डॉ. सुप्रीत गिल द्वारा किया गया है। यह यूआईएलएस के 'सेंटर फॉर ट्रांस स्टडीज- रेनबो' की एक अहम पहल है, जो लैंगिक विविधता और समावेशन पर शोध को आगे बढ़ाएगी।