नीट-पीजी 2026 परीक्षा के लिए जयपुर में पुख्ता व्यवस्थाएं, 15 परीक्षा केन्द्रों पर होगी परीक्षा
जयपुर। राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (आयुर्विज्ञान) द्वारा आयोजित नीट-पीजी 2026 परीक्षा का आयोजन 30 अगस्त 2026 (रविवार) को प्रातः 09ः00 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक जिले में 15 परीक्षा केन्द्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा के रूप में किया जाएगा।
परीक्षा के सुचारू, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों पर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था, सुगम यातायात तथा परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ परीक्षा से कम से कम दो दिवस पूर्व प्रत्येक केन्द्र पर स्थानीय पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही परीक्षा से संबंधित कंप्यूटर सिस्टम, सर्वर, नेटवर्क एवं परीक्षा सामग्री की अनधिकृत पहुंच-छेड़छाड़ से सुरक्षा तथा साइबर सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों के लिए पेयजल की पर्याप्त एवं सुचारू व्यवस्था की गई है। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वारा परीक्षा अवधि में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं आवश्यकता अनुसार चिकित्सा दल गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी प्रकार नगर निगम जयपुर द्वारा परीक्षा केन्द्रों के आसपास साफ-सफाई एवं अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था, जबकि जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड एवं संबंधित विद्युत निरीक्षक द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा भी परीक्षा से संबंधित तकनीकी व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई है।
परीक्षा समन्वयक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा के दौरान एनबीईएमएस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित व्यवस्थाओं का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
bhavtarini.com@gmail.com

