कोर्ट से झटका: 24 नवंबर तक हिरासत में रहेंगे आप के संजय सिंह

नई दिल्ली, दिल्ली की आबकारी नीति मामले में कथित घोटाले में शुक्रवार को संजय सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने संजय सिंह की न्यायिक हिरासत को एक बार फिर बढ़ा दिया है। संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 24 नवंबर तक बढ़ा दी गई है।
अमृतसर की अदालत में पेश करने की भी इजाजत दी
इसी के साथ ही उनके वकील ने हस्ताक्षर के लिए विकास कार्यों से संबंधित दो सहमति पत्र भी दाखिल किए गए, जिसके लिए कोर्ट ने इसकी इजाजत दे दी है। इसके अलावा मानहानि मामले में पंजाब से प्रोडक्शन वारंट को भी कोर्ट में पेश किया गया। जिस पर कोर्ट ने संजय सिंह को पंजाब के अमृतसर की अदालत में पेश करने की भी इजाजत दी।
लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था
सिंह को उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद आज पेश किया गया। शुरुआत में उन्हें पांच दिन की ईडी हिरासत में भेजा गया था। संजय सिंह को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। इस मामले में यह तीसरी हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी है। आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट साझा की और साध ही एक वीडियो भी साझा किया है। जिसमें संजय सिंह बड़ा खुलासा करते हुए कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उन्हें फंसाने की पूरी साजिश है और कुछ बड़ी घटना हो सकती है।