भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और परंपराओं के साथ खेल रही: अविनाश पांडे
जयपुर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 'राजभवन पर जनता आएगी' वाले बयान पर मचे सियासी बवाल के बाद अब कांग्रेस ने सफाई दी है। राजस्थान सरकार में मंत्री प्रताप सिंह खचरियावास ने कहा है कि अशोक गहलोत सामाजिक जीवन में काम करते हैं, उन्होंने कहा कि राजभवन पर जनता आएगी, जनता आने का मतलब यह नहीं है कि जनता राजभवन के अंदर घुस जाएगी। यदि कलराज मिश्र जी के ऊपर एक भी कंकर आएगा तो पहला कंकर अशोक गहलोत अपने ऊपर लेंगे। वहीं राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके लोकतांत्रिक मूल्यों और परंपराओं के साथ खेल रही है। पार्टी के #SpeakUpForDemocracy अभियान में तहत पांडे ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा राज्य में विधानसभा सत्र बुलाने के लिए किए गए अनुरोध को माननीय राज्यपाल द्वारा अस्वीकृति कर दिया जो यह स्पष्ट करती है कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके लोकतांत्रिक मूल्यों और परंपराओं के साथ खेल रही है। इसके बाद किए एक और ट्वीट में पांडे ने कहा कि ऐसे समय में जब मानवता को कोरोवायरस महामारी का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी को राहत देने के बजाय बीजेपी ने मध्य प्रदेश और अब राजस्थान सरकार को अस्थिर करने की साजिश रची है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मांग की है कि राज्य में कोरोनोवायरस की स्थिति और राजनीतिक संकट सहित कई मुद्दों पर चर्चा के लिए एक विधानसभा सत्र बुलाया जाना चाहिए। राजस्थान के राज्यपाल सचिवालय ने शुक्रवार को कहा था कि जिस तारीख को विधानसभा का सत्र बुलाया जाना है उसका उल्लेख कैबिनेट नोट में नहीं किया गया है और राजस्थान कैबिनेट द्वारा कोई अनुमोदन नहीं दिया गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और गहलोत के बीच मतभेद सामने आने के बाद राजस्थान राजनीतिक संकट में घिर गया। पायलट को राजस्थान के उपमुख्यमंत्री और पार्टी के राज्य इकाई प्रमुख के रूप में हटा दिया गया था।