J&K: पंचायत चुनाव के बहिष्कार का ऐलान कर महबूबा ने कहा

श्रीनगर 
जम्मू-कश्मीर में नैशनल कॉन्फ्रेंस के बाद अब पीडीपी ने राज्य में पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी है। पीडीपी ने भी अनुच्छेद 35A का हवाला देते हुए चुनाव से हटने का फैसला किया। जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को पीडीपी की एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद राज्य में अनुच्छेद 35ए को बरकरार रखने का समर्थन किया है। महबूबा ने कहा है कि वह अंतिम सांस तक जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को बनाए रखने की लड़ाई लड़ेंगी, क्योंकि अनुच्छेद 35ए के तहत मिला विशेष दर्जा राज्य के हर व्यक्ति के जीवन से जुड़ा विषय है।  


श्रीनगर की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महबूबा ने कहा है कि जब तक केंद्र इस विषय पर अपना रुख स्पष्ट नहीं करता तब तक पीडीपी भी प्रस्तावित पंचायत चुनावों का बहिष्कार करेगी। इसके अलावा प्रदेश के विशेष दर्जे को बरकरार रखने के लिए हर मोर्च पर लड़ाई जारी रहेगी। महबूबा ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में हाल में बने भय और अनिश्चितता के माहौल के बीच कोई भी चुनाव कराना गलत होगा और इसकी विश्वसनीयता पर सवाल भी खड़े होंगे। ऐसे में पीडीपी ने यह फैसला किया है कि वह इस चुनाव में तब तक उम्मीदवारी नहीं करेगी, जब तक की अनुच्छेद 35ए पर बना अनिश्चितता का माहौल खत्म नहीं हो जाता।