SC में 5 साल बाद दोहराया जाएगा इतिहास, आज सिर्फ महिला बेंच करेगी सुनवाई
नई दिल्ली
उच्चतम न्यायालय में आज एकबार फिर से इतिहास दोहराया जाएगा जब न्यायमूर्ति आर भानुमति और न्यायमूर्ति इंदिरा बनर्जी की पूरी तरह महिला न्यायाधीशों वाली पीठ किसी मामले पर सुनवाई करेगी। शीर्ष अदालत में पहली बार 2013 में पूरी तरह महिलाओं वाली पीठ देखने को मिली थी। उस समय एक मामले पर सुनवाई के लिये न्यायमूर्ति ज्ञान सुधा मिश्रा और न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की पीठ बैठी थी।
उच्चतम न्यायालय में तीन महिला न्यायाधीश
अगस्त में न्यायमूर्ति बनर्जी को शपथ दिलाए जाने के साथ ही उच्चतम न्यायालय के इतिहास में पहली बार तीन महिला न्यायाधीश हैं। स्वतंत्रता के बाद से शीर्ष अदालत में वह आठवीं महिला न्यायाधीश हैं। तीन वर्तमान महिला न्यायाधीशों में न्यायमूर्ति भानुमति सर्वाधिक वरिष्ठ हैं। उन्हें 13 अगस्त 2014 को उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। न्यायमूर्ति फातिमा बीवी शीर्ष अदालत में नियुक्त होने वाली पहली महिला न्यायाधीश थीं। उनके बाद सुजाता मनोहर, रूमा पाल, ज्ञान सुधा मिश्रा, रंजना प्रकाश देसाई, आर भानुमति, इंदु मल्होत्रा और फिर हाल में इंदिरा बनर्जी उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त हुईं।
1989 में न्यायमूर्ति बीवी बनी न्यायाधीश
न्यायमूर्ति बीवी, न्यायमूर्ति मनोहर और न्यायमूर्ति पाल उच्चतम न्यायालय में अपने समूचे कार्यकाल के दौरान एकमात्र महिला न्यायाधीश रहीं। 2011 में न्यायमूर्ति देसाई को उच्चतम न्यायालय में पदोन्नत किये जाने के बाद शीर्ष अदालत में दो महिला न्यायाधीश देखने को मिलीं। न्यायमूर्ति बीवी को 1989 में उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उच्चतम न्यायालय के 1950 में गठन के 39 वर्षों के बाद किसी महिला को शीर्ष अदालत का न्यायाधीश बनाया गया। केरल उच्च न्यायालय के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें शीर्ष अदालत में नियुक्त किया गया था।
bhavtarini.com@gmail.com
