TDP सांसद ने पीएम मोदी पर की अभद्र टिप्पणी, रक्षामंत्री भड़कीं

नई दिल्ली
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान बीजेपी सांसद राकेश सिंह के भाषण के दौरान हंगामा मच गया. अविश्वास प्रस्ताव पर बहस की शुरुआत करने वाले टीडीपी सांसद जयदेव गल्ला की बात खत्म होने के बाद राकेश सिंह ने भाषण शुरू किया. इसी दौरान टीडीपी के सांसद ने पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी. रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने फौरन आपत्ति जताते हुए उस शब्द को रिकॉर्ड से हटाने और सांसद से माफी मांगने की मांग की. सीतारमण के आपत्ति जताने पर सदन में अन्य भाजपा सांसद भी हंगामा करने लगे. इस दौरान कुछ देर के लिए शोर-शराबे से बहस प्रभावित हुई. स्पीकर सुमित्रा महाजन ने भाजपा सांसदों की आपत्ति पर उन्हें आश्वस्त किया कि वे बाद में इसे सुनेंगी. अगर उन्हें ये आपत्तिजनक लगा तो उस शब्द को रिकॉर्ड से हटवा देंगी. स्पीकर के इस आश्वासन के बाद भाजपा सांसद चुप हुए और राकेश सिंह ने बोलना शुरू किया.

इससे पहले अविश्वास प्रस्ताव पेश करते हुए तेलगुदेशम पार्टी के सांसद जयदेव गल्ला ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने आंध्रप्रदेश की जरूरतों को नजरअंदाज कर साफ संकेत दिया है कि राज्य की जरूरत मोदी सरकार के लिए राष्ट्रीय मुद्दा नहीं है. गल्ला ने कहा कि आंध्र प्रदेश के विकास के लिए केंद्र से जितना पैसा मिला है, उससे ज्यादा तो 'बाहुबली' फिल्म का कलेक्शन था. अविश्वास प्रस्ताव पर आज चर्चा के लिए कुल 7 घंटे का समय तय है. इसमे TDP को बोलने के लिए 13 मिनट का समय दिया गया था, लेकिन टीडीपी सांसद जयदेव गल्ला ने आधे घंटे से भी ज्यादा का वक्त ले लिया. इस पर स्पीकर ने कई बार उन्हें टोका, लेकिन उन्होंने हर बार कुछ और वक्त की मांग करते हुए आधे घंटे का समय ले लिया.

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को प्रस्ताव पर अपने विचार रखने के लिए 38 मिनट का समय दिया गया है. अन्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक, तृणमूल कांग्रेस, बीजू जनता दल (बीजद), तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) को क्रमश : 29 मिनट, 27 मिनट, 15 मिनट और 9 मिनट का समय दिया गया है. सदन में बहुमत वाली सत्तारूढ़ भाजपा को चर्चा में तीन घंटे और 33 मिनट का समय दिया गया है.