एचडीएफसी बैंक के कर्मचारियों को फ्री में कोरोना वैक्सीन

एचडीएफसी बैंक के कर्मचारियों को फ्री में कोरोना वैक्सीन

नई दिल्ली
निजी क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा कामर्शियल बैंक HDFC बैंक भी अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) का खर्च उठाने की घोषणा की है। इस बैंक में एक लाख से भी ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। बैंक अपने कर्मचारियों ही नहीं, उनके परिवार वालों और आश्रितों को भी कोरोना वैक्सीन के दोनों शॉट लगाने का खर्च उठाएगा।

एसबीआई समेत कुछ बैंकों ने पहले ही कर दी है घोषणा
देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (State Bank of India) ने पहले ही घोषणा की है कि वह अपने कर्मचारियों के परिवार वालों के वैक्सीन (Vaccine) का खर्च उठाएगा। इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) की तरफ से ऐसी घोषणा की गई। आज, यानी शुक्रवार को एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने भी इसकी घोषणा कर दी है।

सरकारी अस्पतालों में मुफ्त लग रही है वैक्सीन
इस समय देश भर के सरकारी अस्पतालों (Government Hospitals) में कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई जा रही है। पर, प्राइवेट अस्पतालों (Private Hospitals) में जो वैक्सीन लगवा रहे हैं, उन्हें इसके एक डोज के लिए 250 रुपए तक देने पड़ रहे हैं। कोई अस्पताल चाहे तो इससे कम में भी वैक्सीन का एक शॉट दे सकता है। सरकार ने वैक्सीन के एक शॉट की अधिकतम कीमत 250 रुपये निर्धारित की है।

कारपोरेट जगत आ रहा है आगे
एचडीएफसी बैंक की तरह ही बड़ी कारपोरेट कंपनियां, जैसे इन्फोसिस लिमिटेड (Infosys), काग्निजेंट (Cognizant), वेंदाता (Vedanta), रिलायंस (Reliance), एनटीपीसी (NTPC) और कंसल्टिंग और आउटसोर्सिंग सर्विस प्रोवाइडर एक्सेंचर (Accenture) Plc ने भी भारत में अपने कर्मचारियों के लिए टीकाकरण खर्च उठाने का निर्णय लिया है।