कोरोना का टीका लगने के बाद ब‍िगड़ी 38 साल के शख्‍स की तबीयत, मौत  

कोरोना का टीका लगने के बाद ब‍िगड़ी 38 साल के शख्‍स की तबीयत, मौत  

मिर्जापुर
उत्‍तर प्रदेश के मिर्जापुर में 38 साल के एक व्‍यक्‍ति की संद‍िग्‍ध मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि कोरोना का टीका लगवाने के बाद युवक की तबीयत ब‍िगड़ी, इलाज के लिए उसे अस्‍पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं, इस मामले में सीएमओ ने कहा कि युवक को कोरोना का टीका लगा था। मौत कैसे हुई है, ये जांच के बाद पता चल सकेगा। बता दें, इस मामले में एक सवाल और उठ रहा है कि जब अभी 45 वर्ष के ऊपर के व्यक्ति को ही टीका लगाया जा रहा है तो 38 साल के व्‍यक्‍ति को टीका कैसे लग गया। उसके पास टीके का सर्टिफ‍िकेट भी है।

 15 मार्च को लगवाया था कोरोना का टीका मिर्जापुर के बहुती गांव में रहने वाले 38 वर्षीय लालमणि को परिजनों ने पास के स्वास्थ्य केंद्र में 15 मार्च को कोरोना का टीका लगवाया था। अगले दिन लालमणि के हाथ और पैर में ऐंठन होनी लगी। हालत ज्‍यादा खराब हुई तो उसे जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने चेकअप किया और दवाई लिख कर भी दी। साथ आए परिजनों ने बताया कि पर्चा लेकर दवा लेने के लिए निकले तो लालमणि एक जगह बैठ गए और थोड़ी देर बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि टीका लगने के बाद ही तबियत खराब हुई थी। इसके पहले वह ठीक थे और उन्हें कोई दिक्कत भी नहीं थी।

 सीएमओ ने कहा- जांच की जा रही है इस संबंध में सीएमओ डॉ. पीडी गुप्ता ने बताया कि युवक को 15 मार्च को कोरोना का टीका लगाया गया था। 2 दिन बाद उसकी मौत हुई है। युवक की मौत कि‍स वजह से हुई यह अभी स्‍पष्‍ट नहीं है। जांच की जा रही है कि उसे पहले से कोई बीमारी तो नहीं थी।