कोरोना वायरस : यूपी के रामपुर में एसडीएम ने सफाई कर्मचारी से करवाई उठक-बैठक
रामपुर
बिहार के अररिया जिले में लॉकडाउन में अधिकारी की गाड़ी रोकने पर चौकीदार से उठक बैठक कराने का मामला अभी शांत ही नहीं हुआ था कि यूपी के रामपुर में भी एक उठक-बैठक कराने का एक मामला सामने आया है। हालांकि यहां एसडीएम ने माॅस्क नहीं लगाने पर कर्मचारी से उठक-बैठक करवाई।
रामपुर जिले के स्वार एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता ने बैंक ऑफ बड़ौदा के पास ई रिक्शा से बिना मास्क लगाए जा रहे नपं के सफाई कर्मी को पकड़ लिया। एसडीएम ने बीच सड़क पर ही कर्मी से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाईं। पूर्व में नगर पंचायत प्रशासन ने सभी कर्मियों को मास्क, ग्लब्स, सेनिटाइजर और साबुन बांटे हैं। इसके बाद भी नगर पंचायत कर्मी लापरवाही बरत रहे हैं। एसडीएम ने कहा है कि किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा।
अररिया में चौकीदार से उठक-बैठक करवाने वाले DAO के खिलाफ जांच के आदेश
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बिहार के अररिया जिले डीएओ के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैँ। जिला कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार अपनी कार रोकने वाले चौकीदार से उठक बैठक करवा रहे थे। हालांकि, इस संबंध में पूछे जाने पर बैरगाछी ओपी अध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि अपने को जिला कृषि पदाधिकारी कहने वाले एक शख्स ने चौकीदार पर पांच सौ रुपये लेकर गाड़ी छोड़ने का आरोप लगाया। इससे डरा-सहमा चौकीदार कान पकड़कर गलती मानते हुए उठक-बैठक करने लगा। उनका कहना है कि इस बीच वहां पहुंचे दारोगा गोविंद सिंह ने चौकीदार को ऐसा करने से मना भी किया और उन्हें डांट-फटकार भी की।हालांकि, कई लोगों का कहना है कि चौकीदार ने उनकी गाड़ी को रोककर पास दिखाने को कहा तो जिला कृषि पदाधिकारी आग-बबूला हो गए।
बिहार के कृषि मंत्री डा. प्रेम कुमार ने कहा है किकोरोना महामारी के बीच राज्य में बिहार पुलिस के जवान लगातार सड़कों पर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ऐसे में पुलिस के जवानों का सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है। इस परिस्थिति में अररिया के जिला कृषि पदाधिकारी के संबंध में जिस तरह की खबरें आई है, यदि सत्य है, तो वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। पूर्णिया के संयुक्त निदेशक (शष्य), को जाँच का आदेश दिया गया है।
bhavtarini.com@gmail.com 