छत्तीसगढ़ राज्य अटल जी की देन-मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह
धमतरी
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मासिक रेडियो वार्ता ‘रमन के गोठ‘ की 37 वीं कड़ी का प्रसारण आज सुबह 10.45 बजे आकाशवाणी सहित विभिन्न समाचार चैनलों के माध्यम से किया गया। ‘रमन के गोठ‘ की 37 वीं कड़ी को सुनने की व्यवस्था धमतरी विकासखण्ड के नगरपंचायत आमदी स्थित सामुदायिक भवन में की गई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा प्रदेशवासियों से की। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने अपने मासिक रेडियो वार्ता रमन के गोठ में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को विनम्र श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 15 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने पिछड़ेपन का चोला उतार फेंक दिया है और विकसित राज्यों की दौड़ में मजबूत कदमों से शामिल हो गया है।
वर्ष 2025 में छत्तीसगढ़ अपनी रजत जयंती वर्ष में कैसा होगा, इसके लिए हमने कुछ लक्ष्य निर्धारित किए हैं और कुछ कदम उठाएं हैं। अब सिर्फ प्रदेशवासियों को ही नहीं देश और दुनिया को भी छत्तीसगढ़ से बड़ी उम्मीदें हैं। इसलिए हमने अटल दृष्टिपत्र बनाने की शुरुआत की है, जिसे नवा छत्तीसगढ़ 2025 कहा गया है। वर्ष 2025 तक छत्तीसगढ़ एक स्मार्ट, हरित राज्य होगा, जहां प्रत्येक नागरिक सशक्त, समृद्ध एवं खुशहाल होगा। जहां तरक्की और सामाजिक न्याय एक दूसरे के पूरक होंगे। जहां प्रौद्योगिकी ना सिर्फ आम जनता का जीवन संवारने का माध्यम बनेगी बल्कि पारदर्शी और सहभागी सरकार चलाने में भी प्रौद्योगिकी की बड़ी भूमिका होगी।
इस मौके पर महिला आयोग की सदस्य खिलेश्वरी किरण, अध्यक्ष जनपद पंचायत धमतरी रंजना साहू, नगरपंचायत अध्यक्ष आमदी प्रीति कुम्भकार, कलेक्टर डॉ.सी.आर.प्रसन्ना, अपर कलेक्टर के.आर.ओगरे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व धमतरी सी.डी.वर्मा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पंचायत आमदी पंकज शर्मा, सहित तेजराम साहू, नंदकुमार कोसरिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एकत्रित हुए।