ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत, दस घायल

विदिशा
मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में आज रात एक ट्रैक्टर ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गयी और दस अन्य घायल हो गए। ट्रैक्टर ट्रॉली सवार सभी श्रमिक थे, जो साप्ताहिक हाट बाजार करके लौट रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार पथरिया क्षेत्र में एक सड़क निर्माण के कार्य में शहडोल जिले के श्रमिक लगे थे, जो पथरिया में साप्ताहिक हाट बाजार करने ठेकेदार की ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर गए थे। साप्ताहिक हाट बाजार से दैनिक जरूरत का सामान लेकर लौट रहे थे, तभी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गयी। दुर्घटना में दो महिलाएं एक बच्ची और एक युवक की मौत हो गयी है, जिनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं, इस दुर्घटना में दस श्रमिक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हे सिरोंज के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैैक्टर ट्रॉली में पच्चीस लोग सवार थे।