पुलवामा हमले के विरोध में अमिताभ बच्चन ने रोकी शूटिंग, सहवाग और हरभजन ने दिया ये बयान

पुलवामा हमले के विरोध में अमिताभ बच्चन ने रोकी शूटिंग, सहवाग और हरभजन ने दिया ये बयान

पुलवामा आतंकी हमले के विरोध में महानायक अमिताभ बच्चन की अगली फिल्म और क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण, हरभजन सिंह और सुरेश रैना के एक विज्ञापन की शूटिंग रविवार को यहां करीब दो घंटे के लिए रोक दी गई। कश्मीर में सीआरपीएफ के एक काफिले पर बृहस्पतिवार को हुए आतंकी हमले में 40 जवानों के शहीद हो जाने के मद्देनजर, 24 फिल्म संगठनों ने गोरेगांव स्थित फिल्मसिटी में विरोध प्रदर्शन किया। इन संगठनों में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (आईएफटीडीए) शामिल हैं।

सहवाग ने कही ये बात...
सहवाग, सिंह, रैना और वीवीएस लक्ष्मण सहित अन्य लोग फिल्मसिटी में एक विज्ञापन फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, लेकिन वे लोग सैनिकों के प्रति अपनी एकजुटता दिखाने के लिए शूटिंग रोक कर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। सहवाग ने कहा, ''हम जो भी कहें या करें वह सैनिकों और उनके योगदान के लिए शायद कम ही होगा। हम केवल उनका शुक्रिया अदा कर सकते हैं और उनकी मदद करने के लिए जो कुछ कर सकते हैं, हमें करना चाहिए। हम बहुत दुखी हैं लेकिन भविष्य में हम सभी के लिए एक बेहतर समय की आशा करते हैं।

हरभजन ने कहा- हमे एकजुट रहना होगा...
हरभजन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि शहीद हुए जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हरभजन ने कहा, ''यह बड़ी ही मुश्किल घड़ी है लेकिन हमें एकजुट रहना होगा ताकि वे हमें तोड़ने में सक्षम न हो सकें। मैं उन सभी सैनिकों के प्रति आभारी हूं जो हर समय हमारी रक्षा करते हैं। क्रिकेट खिलाड़ी या अभिनेता नायक नहीं हैं। राष्ट्र के असली नायक हमारे सैनिक ही हैं।

सिद्धू का बहिष्कार करेंगे...
आईएफटीडीए के अध्यक्ष अशोक पंडित ने भी यही बात कही और कहा कि फिल्म संगठनों ने नवजोत सिंह सिद्धू का बहिष्कार करने का फैसला किया है। गौरतलब है कि सिद्धू ने हमले की निंदा की थी लेकिन साथ में यह भी कहा था कि क्या कुछ लोगों की करतूत के लिए पूरे देश को दोषी ठहराया जा सकता है। सिद्धू के इस विवादित बयान को लेकर विभिन्न तबके के लोगों ने उनकी कड़ी आलोचना की है।