प्रियंका की UP सरकार से अपील- लखनऊ के चिकन उद्योग को दें राहत पैकेज

प्रियंका की UP सरकार से अपील- लखनऊ के चिकन उद्योग को दें राहत पैकेज

लखनऊ

कोरोना संकट ने देश के छोटे और मध्यम उद्योगों की कमर तोड़ दी है. इसमें लखनऊ का चिकन उद्योग भी शामिल है. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश सरकार से चिकन उद्योग को बचाने की अपील की है और कहा कि इन्हें तुरंत सरकारी मदद और राहत पैकेज दिया जाए. साथ ही मजदूरों को सहायता देने की मांग की.

प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को कहा, 'लखनऊ के चिकन उद्योग ने देश-विदेश में यूपी का नाम रोशन किया है. नोटबंदी और जीएसटी की मार झेल रहे चिकन उद्योग को इस बंदी के चलते भारी चोट लगी है. यूपी सरकार को चिकन उद्योग और ऐसे तमाम छोटे व मझोले उद्योगों के लिए तुरंत राहत पैकेज व इसमें काम कर रहे.'

गौरतलब है कि कांग्रेस ने देश के सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्योगों के लिए एक समूह का गठन किया है. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अगुवाई में गठित यह परामर्श समूह छोटे व मध्यम उद्योग को राहत देने के सुझावों का एक प्रस्ताव जल्द केंद्र सरकार को सौंपेगा. इस परामर्श समूह के सदस्य राहुल गांधी भी हैं.

कल यानी बुधवार को ही राहुल गांधी ने कहा, 'कोविड-19 ने हमारे सूक्ष्म, लघु और मध्यम व्यवसायों (MSME) को तबाह कर दिया है. कांग्रेस पार्टी को आपकी मदद की जरूरत है. MSME आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज पर क्या कवर करना चाहिए, इसके लिए हमें सुझाव और विचार भेजें. http://voiceofmsme.in या हमारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर.'

पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश का कहना है कि कांग्रेस का मानना है कि हमारा लघु-मध्यम उद्योग क्षेत्र रोजगार ही नहीं अर्थव्यवस्था के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है. केंद्र व राज्य दोनों स्तरों पर एमएसएमई क्षेत्र को वित्तीय समेत दूसरे तरह की मदद की जरूरत है, इसीलिए केंद्रीय वित्तीय संस्थाओं से विशेष मदद का दस्तावेज यह समूह तैयार कर रहा है.