बाराबंकी पुलिस मुठभेड़ में सिपाही को लगी गोली
बाराबंकी
उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के थाना जैदपुर में मंगलवार की भोर अटवा चौराहा के पास पुलिस और स्वाट टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने रोके जाने पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें एक सिपाही घायल हुआ। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ जबकि दूसरा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फरार बदमाश की धरपकड़ के लिए पुलिस ने प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने मामले की जानकारी ली।
रोकने पर बदमाशों ने झोंका फायर: स्वाट टीम प्रभारी विवेक सिंह, कोतवाल जैदपुर धर्मेंद्र रघुवंशी को क्षेत्र में कुछ बदमाशों को घूमने की सूचना मिली थी बदमाशों की धरपकड़ के लिए स्वॉट और पुलिस ने संयुक्त रूप से जैदपुर सफदरगंज मार्ग पर अटवा चौराहा के पास मंगलवार की भोर चेकिंग लगा दी। भोर करीब 5:00 बजे जैदपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार दो लोगों को सिपाहियों ने रोका। पूछताछ के दौरान ही बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जिसमें जैदपुर थाने में तैनात सिपाही शैलेंद्र सिंह घायल हुआ।
जवाबी फायरिंग में बदमाश को लगी गोली: बदमाशों द्वारा फायर किए जाने पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें बाइक पर पीछे बैठा बदमाश घायल हुआ। उसके पैर में गोली लगी थी जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देते हुए भागने में सफल रहा। पुलिस टीम ने दोनों घायलों को आनन फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार किया गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान सत्रोहन वर्मा निवासी ग्राम पनिहल थाना जैदपुर के रूप में की गई।
बदमाश की धरपकड़ के लिए हुई कांबिंग: फरार बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की लेकिन बदमाश फरार हो गया। पुलिस और स्वाट टीम काफी देर बदमाश की तलाश करती रही। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज पांडे ने मामले की जानकारी ली। फरार बदमाश एखलाक निवासी टिकरा उस्मा थाना जैद्पुर है। इस पर भी जैदपुर थाना में वर्ष 2004 में एनडीपीएस और वर्ष 2014- 15 में गोकशी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।
मौके पर मिली आधा किलो मार्फिन: पुलिस ने बदमाश के पास से आधा किलो मार्फिन, एक तमंचा, 50,000 रुपए नगद, दो आधार कार्ड व बाइक बरामद की। दक्षिणी दिल्ली के वांछित था सत्रोहन: पकड़ा गया बदमाश सत्रोहन वर्मा बहुत ही शातिर है। दिल्ली, लखनऊ व बाराबंकी में विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक एनडीपीएस के मुकदमे दर्ज है। इस पर सतरिख थाना में एनडीपीएस के दो, जैदपुर में एक, एनसीबी लखनऊ में एक मुकदमा दर्ज है। एनसीबी लखनऊ से यह 10 साल का सजायाफ्ता भी है। दक्षिण दिल्ली में कुछ समय पहले पकड़ी गई 5 किलो मार्फिन के दौरान सत्रोहन भाग निकला था। तभी से वहां की पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस अभी इसके और अपराधिक इतिहास की छानबीन कर रही है।
bhavtarini.com@gmail.com 
