'बिग बॉस 12' में इंटरव्यू पास करने के लिए कड़क दादी को कूल करने में जुटे रॉबिन गुर्जर के परिवार वाले
टीवी रिऐलिटी शो 'बिग बॉस' के सीजन-12 में एंट्री के लिए तीन इंटरव्यू पास करने के बाद बोड़ाकी गांव के रॉबिन गुर्जर को अब अपनी दादी के इंटरव्यू का इंतजार है। 85 साल की दादी इंटरव्यू में पूछे जाने वाले सवालों का सामना करने के लिए पोते-पोती की मदद ले रही हैं। ये लोग 'बिग बॉस' के पुराने एपिसोड का विडियो दिखाकर घर के अंदर होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। चूंकि दादी का मिजाज थोड़ा कड़क है तो घरवाले उन्हें कूल बनाने की कोशिश में लगे हैं। रॉबिन ने बताया की दादी का इंटरव्यू 5 या 6 सितंबर को होने की उम्मीद है।
85 साल की श्यामवती को 'बिग बॉस 12' के लिए पूरा परिवार टिप्स दे रहा है। उनकी पोती सोनम दादी को ट्रेन करने के लिए ससुराल से आई हैं। वह 'बिग बॉस' के पुराने एपिसोड मोबाइल में दिखाकर वहां के रहन-सहन के बारे में बता रही हैं। रॉबिन के भाई विकास व उनकी पत्नी रीता दादी के कड़क तेवर को नॉर्मल करने में जुटे हैं, जिससे इंटरव्यू में बिग बॉस की टीम से गलत व्यवहार न हो जाए। रॉबिन के पिता दशरथ उनकी गाली देने की आदत को छुड़ाने में लगे हैं।
पंजाबी सिंगर अमृत मान की कॉपी करते-करते बोड़ाकी गांव के रॉबिन गुर्जर 'बिग बॉस' की दहलीज तक पहुंच गए हैं। उन्होंने जीडी राउंड, ग्रुप डिस्कशन व पर्सनल इंटरव्यू पास कर लिया है। 5 या 6 सितंबर तक मेल या कॉल के जरिए उन्हें फाइनली बताया जाएगा।
bhavtarini.com@gmail.com 