बिहार में सूखे की स्थिति को लेकर विपक्ष का सदन में हंगामा

पटना  
राज्य में सूखे की स्थिति पर चर्चा और किसानों का कर्ज माफ करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय जनता दल तथा कांग्रेस के सदस्यों ने सोमवार को बिहार विधानसभा में जमकर हंगामा किया।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि बारिश ना होने के कारण पूरा राज्य सूखाग्रस्त है। सरकार इस प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पहले से इंतजाम करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। आपदा प्रबंधन के दिशा-निदेर्श के अनुसार 19 प्रतिशत से कम बारिश होने पर मई-जून तक किसानों को डीजल अनुदान बांट देना चाहिए था लेकिन सरकार की नींद अब खुली है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के साथ समझौता होने के बावजूद वाणसागर से सिंचाई के लिये बिहार को एक बूंद पानी भी नहीं मिल रहा है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में सूखे के कारण स्थिति बहुत भयावह है। किसान आत्महत्या करने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज तुरंत माफ होना चाहिए और राहत के अन्य उपायों पर विचार के लिए सदन में तुरंत इस पर चर्चा होनी चाहिए। विपक्ष के सदस्यों की ओर से इस संबंध में दिये गये कार्यस्थगन प्रस्ताव की सूचना को स्वीकार किया जाना चाहिए।