बुराड़ी सामूहिक मौत मामले में आया ‘लेडी तांत्रिक’ का टि्वस्ट

नई दिल्ली
11 लोगों की सामूहिक मौत से जुड़े रहस्यों के बीच शुक्रवार को इस मामले में अचानक ट्विस्ट आ गया, जब क्राइम ब्रांच ने 'तंत्र साधना' के शक में ठेकेदार की बेटी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। बुराड़ी के हरित विहार में गीता माता के नाम से चर्चित यह महिला अपने ही विरोधाभासी बयानों में फंस गई। ये उसी ठेकेदार कुंवर पाल की बेटी है, जिसने भूतिया बन चुके मकान की दीवारों पर 11 पाइप लगाए थे। हिरासत में ली गई गीता गुरुवार को एक स्टिंग ऑपरेशन में दावा करती हुई दिखाई दी कि 7 जुलाई को (यानी आज) ललित तांत्रिक क्रिया के लिए उससे मिलने वाला था। लेकिन उससे पहले ही पूरे परिवार की मौत हो गई। महिला बुराड़ी एरिया में ही अपने पिता से दूर ससुराल में रहती है।
दरअसल, क्राइम ब्रांच के रेडार में गीता के आने की दो वजहें बनीं। एक तो ललित के मोबाइल फोन की सीडीआर में लास्ट कॉल ठेकेदार के नंबर पर हुई, दूसरी उसकी तांत्रिक बेटी गीता का स्टिंग ऑपरेशन में दिया गया चौंकाने वाला बयान। बस इसी बयान के सामने पर गीता माता ने भले ही तंत्र विद्या से साफ मना कर दिया हो, लेकिन भूत दाना, प्रेत दाना जैसी बातों को वह स्वीकार कर रही है। उनका प्रयोग करने तक की बातें कर रही है। इस ओर संकेत भी मिला है कि वह इस तरह का कुछ टोना टोटका करती है। लेकिन 11 मौतों के पीछे गीता का कोई कनेक्शन है या नहीं, ये क्राइम ब्रांच की जांच से सामने आएगा। मगर 24 घंटे बाद ही गीता शुक्रवार को अपने बयान से पलटी मार गई।
गीता ने बताया कि उसने आज तक ललित को देखा भी नहीं। एक बार अपने पिता के साथ कहीं से लौट रही थी तो उसके पिता ने ललित के घर के पास गाड़ी से जरूर उतारा था, लेकिन वह ललित से नहीं मिली। न ही ललित ने कभी उससे मिलने की बात कही थी। इन सब बातों से गीता माता ने इनकार कर दिया। साथ ही झाड़-फूंक और तंत्र विद्या पर मना करते हुए कहा कि वह अपने घर में नियमित रूप से सिर्फ माता की चौकी लगाती है। पूजा करती है। चुड़ैल दाना, प्रेत दाना, भूत दाना के बारे में उसने बताया कि इन सबसे वह लोगों का इलाज नहीं करती, बल्कि अपने पास पड़ोस के बच्चों की नजर उतारने के लिए रखती है। यदि किसी बच्चे को नजर लगे तो उसके ऊपर से घुमाकर यह चुड़ैल दाना, भूत दाना और प्रेत दान फेंक देती है, जिससे वह ठीक हो जाता है। आसपास के बच्चे भी उससे इस तरह का झाड़ फूंक करवा लेते हैं। लेकिन वह तंत्र विद्या नहीं करती।
bhavtarini.com@gmail.com 
