उत्तर प्रदेश को डिजिटल हब बनाने की तैयारी, सीएम योगी आज करेंगे GCC इनोवेशन समिट-2026 का उद्घाटन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश को वैश्विक तकनीक, नवाचार और डिजिटल इंजीनियरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सोमवार को लखनऊ में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) इनोवेशन समिट-2026 का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समिट का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और वैश्विक कंपनियों के लिए बेहतर कारोबारी माहौल तैयार करने पर चर्चा होगी।
लखनऊ स्थित द सेंट्रम होटल में आयोजित होने वाली इस समिट का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर की स्थापना को प्रोत्साहित करना और तकनीकी क्षेत्र में निवेश के नए अवसर विकसित करना है। इसके माध्यम से प्रदेश को वैश्विक कंपनियों के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
निवेश और तकनीकी विकास पर होगा मंथन
समिट के दौरान जीसीसी क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं, डिजिटल तकनीक के विस्तार और नवाचार को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। इसके साथ ही प्रदेश में वैश्विक कंपनियों के संचालन और तकनीकी गतिविधियों के विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में जीसीसी क्षेत्र की कंपनियों और विश्वविद्यालयों के साथ रणनीतिक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया जाएगा। इन समझौतों के माध्यम से उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा।
निवेश करने वाली कंपनियों को सौंपे जाएंगे एलओसी
समिट के दौरान उत्तर प्रदेश में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही प्रमुख कंपनियों और इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट (एलओसी) भी सौंपे जाएंगे। इससे प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने और कंपनियों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कई मंत्री होंगे शामिल
जीसीसी इनोवेशन समिट-2026 में प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी हिस्सा लेंगे। इनमें औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा तथा संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी शामिल हैं।
सरकार की इस पहल को उत्तर प्रदेश में तकनीकी निवेश, नवाचार और वैश्विक कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे प्रदेश में डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की संभावनाओं को बल मिल सकता है।
bhavtarini.com@gmail.com 
