भारत बंद: जबलपुर में स्कूल बंद, बाजारों में भी सन्नाटा
महाकौशल/ विंध्य।
एससीएसटी एक्ट को लेकर सड़कों पर विरोध शुरू हो गया है। आज विभिन्न संगठनों ने भारत बंद का एलान किया है। इसके तहत रीवा बायपास पर गांववालों ने विरोधस्वरूप रीवा बायपास पर चक्काजाम किया है। जिसकी वजह से बायपास पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई है।
जबलपुर: जबलपुर में बंद का काफी असर देखा जा रहा है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और बाजारों में दुकाने बंद है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों और उनके पेरेंट्स को उठाना पड़ी। कई स्कूलों में बंद को लेकर स्कूल भी बंद रहेगा, इस बात की सूचना नहीं दी गई थी। इसलिए स्कूल बस नहीं आने पर पेरेंट्स बच्चों को लेकर स्कूल गए तब स्कूल में छुट्टी होने की सूचना उनको मिली। इस बात को लेकर पेरेंट्स ने नाराजगी जताई और कहा कि कम से कम छुट्टी का मैसेज तो करना था।
इसके साथ ही प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं पुलिस शहर में तैनात होने के साथ गश्त लगाकर स्थिति का जायजा ले रही है। पुलिस अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी कर रही है। नोदरा चौक और शहर के दूसरे प्रमुख इलाकों में पुलिस निगरानी रख रही है। शहर मे कई जगहों पर पेट्रोल पंप खुले हैं और बसें भी चालू है। हालांकि शहर की होटल बंद है।
मनगवा: मनगवा में बंद का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने सड़कों पर चक्काजाम किया। चक्काजाम की वजह से रीवा-इलाहाबाद, बनारस-सतना और जबलपुर मार्ग बंद रहा।
दमोह: दमोह में बंद का समर्थन करते हुए कारोबारियों ने अपना कारोबार बंद रखा। बंद को देखते हुए शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीधी: सीधी में बाजार बंद है और सड़कों पर आवागमन पर भी काफी असर देखा जा रहा है। कुसुमी में भी बंद के समर्थन में दुकानें बंद है।
bhavtarini.com@gmail.com 
