लखनऊ में उद्योगपतियों का जमावड़ा, शाह करेंगे उद्घाटन

लखनऊ में उद्योगपतियों का जमावड़ा, शाह करेंगे उद्घाटन

लखनऊ
यूपी की योगी सरकार रविवार को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 का आयोजन करने जा रही हैं. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह  लखनऊ में 65 हजार करोड़ के निवेश की नींव रखेंगे. लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सुबह 11 से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा जो शाम 5 बजे तक चलेगा. इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग पर उद्योगपतियों को रात्रि भोज दिया. रात्रि भोज में HCL के शिव नाडर, लूलू ग्रुप के यूसुफ अली, पेप्सिको के चेयरमैन अहमद एल शेख, बजाज इलेक्ट्रिकल के शिशिर बजाज, वेदांता ग्रुप के डॉ. नरेश त्रेहन, बोनी कपूर, एचसी हांग और शरद जयपुरिया शामिल हुए.

ये रहा पूरा शेड्यूल

  • 11 बजे : कार्यक्रम स्थल पर गृहमंत्री अमित शाह का आगमन और दीप प्रज्जवलन.
  • 11.05 से 11.15 : औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना द्वारा स्वागत भाषण.
  • 11.15 से 12.00 : नौ उद्यमियों का उद्बोधन.
  • 12 से 12.05 : औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन.
  • 12.05 से 12.20 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उद्बोधन.
  • 12.20 से 12.30 : राज्यपाल राम नाईक का उद्बोधन.
  • 12.30 से 12.35 : कार्यक्रम पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन.
  • 12.35 बजे : गृहमंत्री अमित शाह का उद्बोधन.
  • अंत में : मुख्य सचिव डॉ. अनूपचंद्र पांडेय का आभार प्रदर्शन.

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में यह दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होगी. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 60 हजार करोड़ की योजनाओं की नींव रखी थी. इन प्रोजेक्ट के पूरे होने पर ढाई लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे. जानकारी के मुताबिक लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 11 बजे से 292 परियोजनाओं का भूमिपूजन होगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मेजबानी में होने वाले इस शिलान्यास समारोह को गृहमंत्री शाह के साथ दिग्गज उद्योगपति अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी, टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, एचसीएल ग्रुप के चेयरमैन शिव नाडर, पेप्सिको इंडिया होल्डिंग के सीईओ एंड प्रेसीडेंट अहमद-अल-शेख, सैमसंग इंडिया के प्रेसीडेंट एंड सीईओ एचसी हांग, आईटीसी के सीएमडी संजीव पुरी व मेदांता एंड हेल्थकेयर सेक्टर स्किल काउंसिलके चेयरमैन नरेश त्रेहन विशेष रूप से संबोधित करेंगे.

अधिकांश परियोजनाएं फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री, डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रानिक मैन्युफैक्चरिंग, टूरिज्म एंड फिल्म, इलेक्ट्रिक मोबाइलिटी और पावर एंड रिन्यूवेएबल एनर्जी की होंगी. 28 जुलाई को पूरे दिन 6 सत्र आयोजित होंगे. इन सत्रों में अलग-अलग विषयों पर चर्चा होगी. वहीं सत्र के बाद सीईओ राउंड टेबल और बीटूजी मीटिंग होगी. इसके बाद सम्मान समारोह का आयोजन भी किया जाएगा.