लखनऊ सांसद के बेटे ने खुद पर चलवाई थी गोली!
लखनऊ
मोहनलालगंज से बीजेपी सांसद कौशल किशोर के बेटे पर फायरिंग के मामले में नया ट्विस्ट सामने आया है. लखनऊ पुलिस का दावा है कि बेटे ने अपने साले से अपने ऊपर गोली चलवाई. पुलिस के मुताबिक, एक लाइसेंसी रिवाल्वर था, जिसे बरामद कर लिया गया है, लेकिन अभी साफ नहीं है कि क्यों खुद पर गोली चलवाई गई है.
लखनऊ पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने कहा कि यह घटना रात के करीब 2 बजकर 10 मिनट पर हुई, पहले बताया गया कि सांसद के बेटे पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई, अब तक की तहकीकात में पता चला है कि सांसद के बेटे के कहने पर उसके साले ने गोली चलाई, बेटे के साले को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
आयुष ने लवमैरेज की थी, परिवार से अलग रह रहा था
वहीं मोहनलालगंज से बीजेपी सांसद कौशल किशोर ने इस पर कहा, 'मुझे इसकी जानकारी नहीं है लेकिन यह कहा जा रहा है कि जब वारदात हुई तो उसका साला साथ में था। आयुष ने लवमैरेज किया था इसलिए हमने उससे नाता तोड़ दिया था। उसने आत्महत्या की धमकी दी थी।'
शादी से खुश नहीं था सांसद का परिवार
सांसद ने कहा, 'वारदात की जानकारी आयुष और इनकी साले ही दे सकते हैं। मैंने पूछा तो बताया था कि गाड़ी से कुछ लोग आए थे, शक्ल भी नहीं देख पाए थे। इसलिए तहरीर भी नहीं दी।' आयुष अपने परिवार से अलग रह रहे थे। उनकी शादी से परिवार खुश नहीं था।
आयुष की हालत अब स्थिर
बता दें बीजेपी सांसद के बेटे को 3 मार्च को तड़के गोली मार दी गई थी। इस घटना के बाद आयुष को नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस इसे शुरुआत से ही पारिवारिक रंजिश का मामला मान रही थी।
पत्नी भी आएगी जांच के दायरे में
आयुष की पत्नी और साले पर शुरू से ही शक किया जा रहा था। आयुष की पत्नी की जांच के दायरे में आ गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस अब पत्नी से भी पूछताछ करेगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है।
bhavtarini.com@gmail.com

