शिवराज सिंह चौहान की अपने जन्मदिन पर अनूठी पहल, ऐसे जुटाएंगे गरीबों के लिए फंड

शिवराज सिंह चौहान की अपने जन्मदिन पर अनूठी पहल, ऐसे जुटाएंगे गरीबों के लिए फंड

भोपाल 
मुख्यमंत्री की कुर्सी जाने के बाद अपना पहला जन्मदिन शिवराज सिंह चौहान जन्मदिन पर एक अनूठी पहल शुरू करने जा रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि वे अपने जन्मदिन पर सीएम पद पर रहते हुए उन्हें मिले उपहार और स्मृति चिन्हों की नीलामी करेंगे. इस नीलामी से जो भी राशि इकट्ठी होगी, उसे वो गरीबों को दान करेंगे.

इसके साथ ही शिवराज सिंह ने एक गैर राजनैतिक कोष बनाने का भी फैसला किया है. इस कोष के जरिए प्रदेश के गरीबों की मदद करेंगे. आपको बता दें कि शिवराज सिंह का आज (5 मार्च) को बर्थडे हैं और इस बार वो अपना 60वां जन्मदिवस मना रहे हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री के पद पर रहते हुए प्रदेश के गरीब और असहाय वर्ग को राहत देने और उन्हें समाज के ऊपरी हिस्से में शामिल करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरूआत की थी. उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री उन्होंने हमेशा ऐसे लोगों की सहयता की है, जो निर्धन और असहाय रहे, लेकिन पिछले दो महीने से नई भूमिका में रहते हुए वे गरीबों की पीड़ा को समझ रहे हैं. इसलिए वे मुख्यमंत्री पद पर रहते मिले उपहार और स्मृति चिन्हों की नीलामी करने जा रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने इस पवित्र कार्य के लिए जनसहयोग की अपेक्षा भी की है.

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसके लिए समाज के प्रबुद्ध लोगों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा इस अभियान से जुड़े, ताकि मध्यप्रदेश के ज्यादा से ज्यादा असहाय लोगों को लाभ पहुंचा सके. आपको बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मंगलवार(5 मार्च) को अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं.