चयनित शिक्षकों का अनूठा प्रदर्शन, बीजेपी दफ्तर पर उठक-बैठक भी लगाई

चयनित शिक्षकों का अनूठा प्रदर्शन, बीजेपी दफ्तर पर उठक-बैठक भी लगाई

भोपाल। मध्यप्रदेश में अपनी मांगों को लेकर युवाओं के साथ अन्य प्रदर्शन बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को प्रदेशभर से आए सैकड़ों चयनित शिक्षकों ने बीजेपी दफ्तर का घेराव किया। यहां नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की कि उन्हें जल्द नियुक्ति दी जाए, ताकि वे परिवार का भरण-पोषण कर सके। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते हुए कई महिलाएं रो पड़ीं और कुछ बेहोश भी हो गईं। चयनित महिला शिक्षक 'हम होंगे कामयाब' का नारा लगा रही हैं। महिलाओं ने मुख्यमंत्री से नियुक्ति की मांग को लेकर उठक-बैठक की तो कई महिलाएं सड़क पर नतमस्तक भी हो गईं। इस दौरान कुछ महिलाएं हाथों में राखी की थालियां सजाकर पहुंची हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री को राखी बांधकर नियुक्ति पत्र तोहफा में लेकर जाऊंगी।

हाथों में पूजा की थालियां 
प्रदर्शन कर रहीं कई महिलाओं के हाथों में सजी थालियां थीं। महिलाओं के हाथों में रखी थालियों में राखियां भी थीं। महिलाओं का कहना है कि वे चाहती हैं कि शिवराज सिंह चौहान उन्हें राखी का उपहार नियुक्ति के रूप में दें। दूसरी ओर सीएम शिवराज के ट्वीट किए हुए फ्लैक्स-बैनर भी बनवाए गए हैं, जिसमें शिवराज ने नियुक्ति की बात कही है।

मौके पर पुलिस बल तैनात
चयनित शिक्षकों के प्रदर्शन के चलते बीजेपी दफ्तर के आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ यहां 80 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात हैं। पुलिस अधिकारी लगातार महिलाओं को समझा रहे हैं।
  
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों के लिए शिक्षक वर्ग-1 और शिक्षक वर्ग-2 के 30 हजार से ज्यादा पदों को भरने के लिए 2018 में नोटिफिकेशन जारी किया था। इसमें वर्ग-1 के 19,200 पद और वर्ग-2 के 11,300 के करीब पद थे। इसके बाद 2200 पद अलग से बाद में जोड़े गए। इन पदों के लिए पात्रता परीक्षा 2019 में आयोजित की गई। इसके रिजल्ट आने के बाद जनवरी 2020 से अप्रैल 2021 तक सभी चयनीत शिक्षकों के सत्यापन की भी प्रक्रिया पूरी कर ली गई, लेकिन अब सरकार नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसको लेकर ही चयनीत शिक्षक लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

नियुक्ति पर अड़े चयनित शिक्षक
प्रदर्शन के दौरान दोपहर में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी केके द्विवेदी, परियोजना संचालक कैलाश वानखेड़े मौके पर पहुंचे। यहां समझाइश देते हुए कोर्ट का हवाला दिया। अधिकारियों ने कहा, जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। लेकिन चयनित शिक्षक नहीं मानें और अधिकारियों को लौटा दिया।  

पूर्व मंत्री जीतू पटवारी पहुंचे, बोले- सीएम बंधवाएं राखी
प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान धरनास्थल पर आएं और चयनित शिक्षिकाओं से राखी बंधवाकर उन्हें नियुक्ति का उपहार दें।