संघ यदि हिंदूवादी संगठन है तो मेरे जैसे हिंदू से बैर क्यों : दिग्विजय सिंह

संघ यदि हिंदूवादी संगठन है तो मेरे जैसे हिंदू से बैर क्यों : दिग्विजय सिंह

भोपाल 
 भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह इलेक्शन मोड में आ गए हैं। दिग्विजय सिंह ने पीसीसी में कार्यकर्ताओं की बैठक में भाजपा पर निशाना साधा। दिग्विजय ने कहा कि मैं हिंदू हंू, और आरएसएस भी खुद को हिंदूवादी संगठन कहता है तो फिर मुझसे बैर क्यों रखता है। मैं इनकी नस नस से वाकिफ, ये हिंदू-मुस्लिम भी कर सकते हैं।

न मैं इनसे डरता हंू और न इनकी धौंस में आता हंू,जहां कहें वहां निपटने को तैयार हंू। दिग्विजय ने कहा कि १९९० के बाद देश का माहौल बिगड़ गया,बाबरी मस्जिद को गिराने के बाद गंगा-जमुनी संस्कृति बिगड़ गई। भोपाल में ९२ के पहले दंगा नहीं हुआ था, भोपाल रियासत में गौहत्या पर रोक थी। दिग्विजय ने कहा कि भाजपा उनके खिलाफ शिवराज सिंह को उतारे या प्रज्ञा ठाकुर को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि यदि भोपाल सीट जीती तो कांग्रेस प्रदेश में २० से ज्यादा सीटें जीतेगी।

- ये चुनाव दिग्विजय का नहीं संगठन का : 
दिग्विजय सिंह ने कहा कि ये चुनाव दिग्विजय सिंह का नहीं कांग्रेस का है, भोपाल के कार्यकर्ता ही मेरी टीम हैं। हम जमीन पर चुनाव लड़ेंगे, कार्यकर्ताओं के उत्साह और तकनीकी की मदद से चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पास विधानसभा चुनाव का बूथ वार रिजल्ट है और सारे पदाधिकारियों से उसके बूथ के रिकॉर्ड के साथ बात करुंगा।

दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को नाम के साथ पुकारकर ये संदेश दे दिया कि वे सबको जानते हैं और सबके बारे में भी जानते हैं। भोपाल सीट से उम्मीदवार बनाने के लिए उन्होंने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री कमलनाथ का आभार माना।

- कार्यकर्ताओं की आचार संहिता : 
दिग्विजय ने कार्यकर्ताओं को आचार संहिता का पाठ भी पढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि मुझे चुगलखोरी और चमचागिरी से नफरत है। मेरी जगह गांधी,नेहरु,इंदिरा,राजीव और राहुल गांधी के नारे लगाए जाएं। फूल-माला और ढोल ढमाके से स्वागत नहीं होना चाहिए। उन्होंने पोस्टर पर उनकी तस्वीर लगाने से भी इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने घर और पड़ोस में तिरंगा लगाएं और उनके वोट दिलवाएं इसी में जीत हो जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ पर फर्जी वोटर पकडऩे का काम भी दिया। उन्होंने काह कि बूथ से ही चुनाव जीतेंगे।

- फिर अलापा पुलवामा राग : 
दिग्विजय ने कहा कि भाजपा से हमे राष्ट्रवाद सीखने की जरुरत नहीं है। राष्ट्र के मुद्दों पर कांग्रेस सरकार के साथ है लेकिन सरकार ये स्पष्ट क्यों नहीं करती कि इंटेलीजेंस फेलुअर की वजह से पुलवामा पर आतंकी अटैक हुआ। अलग-अलग नेता आतंकियों के मरने की अलग-अलग संख्या क्यों बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं दावा करता हंू कि नरेंद्र मोदी अगले प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।