सीतामढ़ी में ईंट भट्ठा संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को दिया अंजाम

सीतामढ़ी
बिहार के सीतामढ़ी जिले में रीगा थाना क्षेत्र के कुशमारी खैरवा पथ में ईंट भट्ठा संचालक को बाइक सवार अपराधियों ने रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के कुशमारी गांव निवासी राजेंद्र महतो के 40 वर्षीय पुत्र अजय महतो के रूप में की गई है। दोपहर करीब ढाई बजे अजय महतो अपने भाई शंभू महतो के साथ कुशमारी गांव से 500 मीटर पूरब अपने ईंट भट्ठा पर जा रहा था। अजय प्रत्येक रविवार को भट्ठा में काम करने वाले मजदूरों को साप्ताहिक भुगतान करता था।
बाइक सवार तीन अपराधी कुशमारी गांव से ही अजय का पीछा करने लगा। भट्ठा पर पहुंचने से पूर्व ही रोककर अजय महतो के सीने में गोली मार दी। आनन-फानन में भट्ठा में काम करने वाले मजदूर व उनके भाई शंभू महतो उनको सीतामढ़ी रिंग बांध स्थित डॉ. वरुण कुमार के यहां लेकर आये। वहां चिकित्सक ने अजय महतो को मृत घोषित कर दिया।
लूट या हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस
इस दौरान अजय महतो से लूटपाट हुई या नहीं, इसकी सही जानकारी नहीं हो पायी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम देने के बाद गोली मारकर अजय महतो की हत्या की। लूट या हत्या पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। सीसीटीवी फूटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घटना की सूचना पर रीगा थानेदार सुबोध कुमार एसआई अजय कुमार व दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की छानबीन की। अपराधियों की शिनाख्त के लिए लोगों से हुलिया व उम्र की जानकारी ली। थानेदार ने बताया कि हत्या की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। परिजन के बयान पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।