दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई वाली भारतीय फिल्मों में दूसरे नंबर पर पहुंची 'रामायण'

दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई वाली भारतीय फिल्मों में दूसरे नंबर पर पहुंची 'रामायण'

मुंबई। भारतीय सिनेमा की फिल्म 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड कायम किया है। फिल्म दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। रिलीज के चौथे शनिवार को फिल्म ने कमाई के मामले में आदित्य धर की 'धुरंधर 2' को पीछे छोड़ दिया। अब इस सूची में पहले स्थान पर आमिर खान की फिल्म 'दंगल' है।

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 24वें दिन तक 'रामायण' का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1,814.55 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके साथ ही फिल्म ने 'धुरंधर 2' के लाइफटाइम कलेक्शन 1,813.39 करोड़ रुपये को पीछे छोड़ दिया है।

इस उपलब्धि के बाद 'रामायण' के सामने अब 'दंगल' का रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती है। आमिर खान अभिनीत 'दंगल' ने दुनियाभर में लगभग 2,070.30 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए 'रामायण' को अभी करीब 255.75 करोड़ रुपये और जुटाने होंगे।

दोनों फिल्मों के निर्देशक नितेश तिवारी

इस रिकॉर्ड की एक खास बात यह भी है कि सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में पहले और दूसरे स्थान पर मौजूद दोनों फिल्मों के निर्देशक नितेश तिवारी हैं। उन्होंने 'दंगल' के जरिए पहले ही भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान दिलाई थी। अब 'रामायण' की सफलता ने उनके निर्देशन में बनी फिल्मों की इस उपलब्धि को और आगे बढ़ाया है।

'दंगल' का रिकॉर्ड तोड़ने पर नजर

'धुरंधर 2' को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंचने के बाद अब फिल्म की निगाहें 'दंगल' के वर्ल्डवाइड कलेक्शन पर टिकी हैं। दोनों फिल्मों के बीच कमाई का अंतर करीब 255.75 करोड़ रुपये है। यदि 'रामायण' इसी तरह दर्शकों को सिनेमाघरों तक आकर्षित करती रही तो भारतीय फिल्मों की कमाई की सूची में नया रिकॉर्ड बन सकता है।