स्वस्थ समाज के निर्माण में सभी सहयोगी बनें : उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया
ग्वालियर
प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा है कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक व्यक्ति विशेषकर निर्धन, अभावग्रस्त एवं कमजोर तबके तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार के इन प्रयासों में समाजसेवी एवं स्वैच्छिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है, सरकार के पास साधन एवं संसाधन सीमित होते हैं, समाजसेवी संस्थाएं इस अभियान में सहयोगी बनकर शासन की स्वास्थ्य एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने में महती योगदान दे रही हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने उक्त उदगार आज वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान, ग्वालियर द्वारा किलागेट, उपनगर ग्वालियर स्थित अग्रवाल मैरिज गार्डन में आयोजित विशाल निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किए। श्री पवैया ने अपने उदबोधन में कहा कि हमारे परमार्थपूर्ण कार्यों पर किसी के हदय से निकला आशीर्वाद सबसे महान अर्जित पुण्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मान्यता है कि हमारे दिवंगत बुजुर्ग पितृलोक से हमारे अच्छे-बुरे कार्यों पर निगाह रखते हैं इसलिए हमें उनकी आत्मा की शांति के लिए सदैव सदकार्य करना चाहिए।
शिविर में 862 मरीजों के पंजीयन हुए जिनमें से आंखों के ऑपरेशन के लिए 119 मरीजों का चयन कर उन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए तत्काल रतन ज्योति नेत्रालय भेजा गया। 302 मरीजों को चश्मे और आवश्यक दवाएं भी निशुल्क वितरित की गईं। शेष मरीजों को अनुभवी वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने शिविर में निःशुल्क सेवाएं देने वाले डॉक्टर्स को सम्मानित किया एवं वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान की गृहपत्रिका ’बुजुर्गों का बिगुल’ का विमोचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महलगांव मंदिर के महंत पं. दिलीप शर्मा ने की। उन्होंने निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के आयोजन को पीड़ित मानवता की सेवा में समर्पित स्तुतीय प्रयास बताया। मरीजों के ब्लडप्रेशर, ब्लडशुगर, हीमोग्लोबिन एवं ईसीजी जांच के साथ बीएमडी जांच मशीन से मरीजों का गहन अस्थि परीक्षण किया गया। उक्त शिविर का आयोजन अशोक अग्रवाल, रमेशचंद्र अग्रवाल, जवाहरलाल अग्रवाल की माताश्री स्व. श्रीमती जीकंठी देवी एवं पिताश्री स्व. श्री पन्नालाल अग्रवाल की पुण्य स्मृति में किया गया।
शिविर में कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. आकाश मोदी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निर्मला जैन, श्वांस रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ कुमार सिंह, जनरल फिजीशियन डॉ. विजय गर्ग, डॉ. रामबाबू गोयल, डॉ. पवन जैन, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. मनीश अग्रवाल, चर्मरोग विशेषज्ञ डॉ. मंजरी गर्ग द्वारा मरीजों के विभिन्न रोगों का जांच परीक्षण कर उपयोगी परामर्श दिया गया। स्वागत भाषण उपनगर शाखा के अध्यक्ष यासीन खान मंसूरी ने दिया।
वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान, ग्वालियर के संस्थापक अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने भी शिविर स्थल पर पहुंचकर सेवाकार्य में जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। मंचासीन विशिष्ठजनों में लश्कर शाखा के अध्यक्ष अशोक शर्मा तूफान एवं शिविर के प्रायोजक अग्रवाल परिवार के सदस्यगण शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन संस्थान की उपनगर शाखा के संरक्षक मुकेश जैन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. रामबाबू गोयल ने किया।
bhavtarini.com@gmail.com
