कोरोना: पाकिस्तान में भी कहर, 12 देशों पर पूर्ण यात्रा प्रतिबंध लगाया
इस्लामाबाद
पाकिस्तान ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए दक्षिण अफ्रीका, रवांडा और तंजानिया समेत 12 देशों पर पूर्ण यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है। देश में रविवार को कोविड-19 संक्रमण के 3667 नए मामले सामने आए, जिसके बाद मुल्क में कुल मामले 6.26 लाख से अधिक हो गए हैं। पाकिस्तान में कोरोना वायरस के दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के स्वरूप के उभरने के बाद नागर विमानन प्राधिकरण (सीएए) ने देशों की नई सूची अधिसूचित की है, जिनमें राष्ट्रों को ए, बी और सी श्रेणी में बांटा गया है और सी श्रेणी के 12 देशों पर पूर्ण यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है। इन 12 देशों पर यह यात्रा प्रतिबंध 23 मार्च से पांच अप्रैल तक लागू रहेगा। बोत्सवाना, ब्राजील, कोलंबिया, कोमोरोस, घाना, केन्या, मोजाम्बिक, पेरू, रवांडा, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और जाम्बिया को सी श्रेणी में रखा गया है।
सीएए ने कहा कि यह अस्थायी उपाय पाकिस्तान में कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए किया जा रहा है। सीएए ने अपनी सी श्रेणी को अपडेट किया है और ब्रिटेन को सी से बी श्रेणी में कर दिया है। उसने कहा है कि ए श्रेणी के देशों से अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वालों को पाकिस्तान आने से पहले कोविड-19 की जांच करने की जरूरत नहीं है। ए श्रेणी में ऑस्ट्रेलिया, भूटान, चीन, फिजी, जापान, कजाकिस्तान, लाओस, मंगोलिया, मॉरिटानिया, मोरक्को, म्यांमा, नेपाल, न्यूजीलैंड, सऊदी अरब, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, ताजिकिस्तान, त्रिनिदाद एवं टोबैगो और वियतनाम को रखा गया है। अधिसूचना में कहा गया है कि जो देश ए और सी श्रेणी में नहीं हैं, उन्हें बी श्रेणी में रखा गया है।

bhavtarini.com@gmail.com 
