चुनाव प्रचार के लिए जल्द पहली बार छत्तीसगढ़ आएंगी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा

चुनाव प्रचार के लिए जल्द पहली बार छत्तीसगढ़ आएंगी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा

रायपुर
 विधानसभा की जीत से उत्साहित कांग्रेस ने सोमवार को लोकसभा चुनाव में प्रचार की रणनीति बनाने के लिए अहम बैठक ली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोकसभा चुनाव के मुद्दों, वॉलराइटिंग, रैली, पोस्टर और सभाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में तय हुआ कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वयं सभी 90 विधानसभाओं में रोड शो और सभा के माध्यम से जनता के बीच जाएंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि स्टार प्रचारकों की सूची जल्द ही जारी होगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा भी चुनाव प्रचार करने आएंगे। उन्होंने कहा, टिकट वितरण में युवाओं और महिलाओं का भी ध्यान रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बैठक में लोकसभा चुनाव में किस तरह चुनाव प्रचार करना है, इसे लेकर विस्तार से चर्चा की गई। चुनाव के दौरान आमसभाओं और 90 विधानसभाओं को कवर करने के लिए रोडमैप भी बनाया जा रहा है। बैठक में लोकसभा चुनाव के मुद्दे को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। एनएसयूआई को 90 विधानसभाओं में यात्रा निकाले को कहा गया है। इस यात्रा में मुख्यमंत्री और मंत्री भी शामिल होंगे। बकायदा रथ भी बनाया जाएगा। बैठक में सभी लोकसभा क्षेत्रों में वॉल राइटिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में लोकसभा चुनाव-प्रसार अभियान समिति के सदस्य सत्यनारायण शर्मा, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन, प्रदेश महामंत्री राजेश तिवारी, राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा, प्रदेश महामंत्री अरूण भद्रा, प्रदेश कांग्रेस रिसर्च विभाग के चेयरमेन इदरीश गांधी और एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा थे।

‘चौकीदार थे तो कैसे हुआ नान और डीकेएस घोटाला’
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, मोदी बताएं कि वो किसके चौकीदार हैं। वे ऐसे चौकीदार हैं, जिन्होंने मेहुल चौकसे और नीरव मोदी को भगाने का काम किया है। मोदी न देश को सुरक्षित रख पाए और ना ही खजाने को। उन्होंने डॉ. रमन से पूछा है कि वे चौकीदार थे, तो यहां नान और डीकेएस घोटाला कैसे हो गया?

नारे के साथ जाएंगे जनता के बीच
बैठक में तय किया गया कि लोकसभा के मुद्दों के हिसाब से अलग-अलग नारे बनाएं जाएंगे। बैठक में फैसला लिया गया है कि विधानभा चुनाव में जिस तरह वक्त है बदलाव का नारा दिया गया था, उसी तरह लोकसभा चुनाव में बदला है अपना प्रदेश, बदलेंगे अब पूरा देश के नारे के साथ जनता के बीच जाएंगे। नारे तैयार करने के लिए पार्टी शक्ति ऐप की मदद भी लेगा। सभी कार्यकर्ताओं को शक्ति ऐप के माध्यम से नारे भेजने को कहा गया है। यानी कांग्रेस हर मुद्दे का नारा बनाकर चुनाव मैदान में उतरेगी।