तेजबहादुर का वीडियो वायरल, BJP का आरोप- PM मोदी की हत्या की रच रहे थे साजिश
नई दिल्ली
वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भरने वाले तेज बहादुर यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में तेज बहादुर यादव पैसों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या तक करने की बात कहते दिख रहे हैं. इस वीडियो को शहजाद पूनावाला ने ट्विट किया है. हालांकि बाद में तेज बहादुर ने वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि ये उन्हीं का वीडियो है, जो कि 2017 में मई-जून का है. उस समय उनके चुनाव लड़ने की कोई मंशा नहीं थी. उन्होंने कहा कि भाजपा इस वीडियो का गलत इस्तेमाल कर रही है.
ये वीडियो वाराणसी से तेज बहादुर यादव का नामांकन रद्द होने के बाद आया है. इस वीडियो में तेज बहादुर कहते दिख रहे हैं कि अगर कोई उन्हें 50 करोड़ रुपये दे दे तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गोली मारकर हत्या कर देंगे. वीडियो में तेजबहादुर कहते हैं कि 50 करोड़ दिलवा दो तो 24 घंटे में मोदी को मरवा दूंगा. इस पर एक शख्स कहता है कि हिन्दुस्तान में तो कोई देगा नहीं, पाकिस्तान दे देगा. इस पर तेजबहादुर ने कहा कि वे देश से गद्दारी नहीं करेंगे.
इधर भाजपा ने इस वीडियो पर ‘स्तब्धता’ जताई. भाजपा प्रवक्ता जी वी एल नरसिम्हा राव ने कहा कि वीडियो से पता चलता है कि अपनी हार को देखते हुए राजनीतिक विरोधी हिंसक तरीकों पर उतर आए हैं. राव ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस ने पिछले वर्ष बयान जारी कर मोदी की हत्या में शहरी नक्सलियों के षड्यंत्र के बारे में बताया था.
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह निराशाजनक है कि प्रधानमंत्री की हत्या के लिए एक और षड्यंत्र उस व्यक्ति ने किया है जिसे वाराणसी से समाजवादी पार्टी ने लोकसभा का उम्मीदवार बनाया है. स्तब्ध करने वाले वीडियो में तेजबहादुर यादव मोदी की हत्या के लिए 50 करोड़ रुपये मांगते दिख रहे हैं. वाराणसी से सपा उम्मीदवार के तौर पर तेज बहादुर यादव के नामांकन को चुनाव आयोग ने खारिज कर दिया था.
जब मैं नौकरी से बर्खास्त हुआ था, उसके बाद मैं दिल्ली में धरना-प्रदर्शन दे रहा था. उस दौरान कई साथी आए थे जिन्होंने कहा कि वे हमारे साथ हैं. लेकिन मुझे नहीं पता था कि वे हमारे बिस्तर तक झांक लेंगे. शराब पर उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि फौज में जवानों को दारू भी दी जाती है. ये कोई बड़ी बात नहीं है. ये जान बूझकर दिखाया जा रहा है. तेज बहादुर ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि अभी ये लोग न जाने क्या-क्या निकाल कर लाएंगे. उन्होंने कहा कि जब कोई इनकी बात नहीं मानता तो उस पर ये तरह-तरह के लांछन लगाते हैं. वीडियो में मेरे बगल में जो बैठा है, वो दिल्ली निवासी मनोहर लाल है.
तेजबहादुर ने कहा कि दिल्ली पुलिस का सिपाही पंकज शर्मा है. उसने ब्लैकमेलिंग के लिए ये वीडियो बनाया है. वो मुझसे पैसे मांग रहा है. लोग मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्हें करने दीजिए. मैंने जो रास्ता चुना है, उसी पर चलता रहूंगा. ऐसी अड़चनें पहले भी आईं थीं, आगे भी आएंगी. नौकरी में रहने के दौरान भी मेरे साथ साजिश रची गई.
bhavtarini.com@gmail.com 
