पटना में फिर बढ़ने लगे कोरोना संक्रमित, एनएमसीएच के दो डॉक्टर समेत 50 नये पॉजिटिव मिले
पटना
एनएमसीएच के दो डॉक्टर समेत पटना में मंगलवार को 50 नए कोरोना संक्रमित मिले। एक्टिव संक्रमितों की संख्या बढ़कर 300 पहुंच गई है। पिछले 20 दिनों में एक्टिव संक्रमितों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है। दो मार्च को जिले में एक्टिव संक्रमितों की संख्या 143 थी। पीएमसीएच में भी मंगलवार को नौ कोरोना संक्रमित मिले। इसमें सात पटना के, एक मुंगेर और एक जहानाबाद के संक्रमित शामिल हैं। सोमवार को मिलनेवाले संक्रमितों में दो महेंद्रू, एक सुल्तानगंज, एक पालीगंज, एक गोला रोड, एक नेहरू नगर का है। वहीं कंकड़बाग, कदमकुआं, राजेंद्रनगर, र्बोंरग रोड से भी कई संक्रमित मिले हैं।
एनएमसीएच में हड़कंप
एनएमसीएचे शिशु रोग विभाग की एक महिला प्राध्यापक व एमडी का एक छात्र संक्रमित हो गया है। इसके बाद शिशु रोग विभाग में हड़कंप मच गया है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि डॉक्टर होम क्वारंटाइन में है, जबकि छात्र को भर्ती किया जा रहा है। दोनों ने वैक्सीन की दोनों डोज ली थी। वहीं नीकु व पीकू में भर्ती नवजात व बच्चों को पीएमसीएच, एम्स व आईजीआइएमएस में रेफर किया जा रहा है। पीकू व नीकु में 50 बच्चे भर्ती थे। विभाग में नई भर्ती पर रोक लगा दी गई है।
कोरोना टीकाकरण अभियान के दौरान 98,191 व्यक्तियों को मंगलवार को कोरोना का टीका दिया गया। इनमें 89,951 लोगों को कोरोना टीका का पहला डोज एवं 8,240 व्यक्तियों को कोरोना टीका का दूसरा डोज दिया गया। इनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के 74,931 व्यक्तियों को और 45 से 59 वर्ष के गंभीर रोगों से ग्रसित 9,971 व्यक्तियों को कोरोना टीका दिया गया।
राज्य स्वास्थ्य समिति से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में अबतक 21 लाख 11 हजार 419 व्यक्तियों को कोरोना का टीका दिया जा चुका है। इनमें 17,10,415 व्यक्तियों को पहला एवं 4,01,004 को दूसरा डोज दिया जा चुका है। वहीं पटना जिले में मंगलवार को कुल 6978 लोगों को कोरोना का टीका लगा। इनमें 5794 लोगों को पहला जबकि 1184 लोगों को दूसरा डोज दिया गया। टीका लेनेवालों में 3932 लोग 60 साल से अधिक आयुवर्ग के हैं।
बिहार में होली के मौके को लेकर दूसरे प्रदेशों से लौटने वाले यात्रियों की कोरोना जांच के साथ ही कोरोना टीकाकरण के समानांतर अभियान चलाया जा रहा है। अब, स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीका लेने आने वालों में कोरोना के लक्षण मिलने पर रैंडम जांच की कार्रवाई की जाएगी। एक अस्पताल में दो केंद्र चलाए जा रहे हैं। एक ओर जांच की जा रही है, वहीं दूसरी ओर टीकाकरण भी किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार टीकाकरण के साथ ही कोरोना जांच को प्रमुखता देने के निर्देश दिए गए हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
