पुणे में 10 दिनों का लॉकडाउन लागू करने की तैयारी
पुणे
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक अहम निर्णय लिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुणे, उससे सटे पिंपरी चिंचवाड़ समेत जिले के कई अन्य हिस्सों में 10 दिनों का लॉकडाउन लागू करने की तैयारी की गई है।
यह लॉकडाउन 13 जुलाई से शुरू हो रहा है। लॉकडाउन 13 जुलाई की मध्यरात्रि से शुरू होगा और 23 जुलाई को खत्म होगा। जिले में गुरुवार को कोरोना के 1803 नए मामले सामने आए थे।
कहां रहेगी छूट, क्या रहेगा बंद?
लॉकडाउन का यह अहम निर्णय महाराष्ट्र के डेप्युटी सीएम और जिले के संरक्षक अजित पवार (Maharashtra Deputy CM) ने लिया। पुणे डिविजन के डिविजनल कमिश्नर दीपक महिस्कर ने कहा, 'पुणे, पिंपरी चिंचवाड़ समेत कई अन्य हिस्सों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में लॉकडाउन करने का फैसला लिया गया है।' लॉकडाउन में 13 जुलाई से 18 जुलाई के बीच की अवधि में बहुत सख्ती बरती जाएगी। इस दौरान दूध की दुकान, दवा की दुकानें, क्लीनिक ही खुले रहने की इजाजत होगी। आवश्यक सेवाओं की चीजों में भी पूरी तरह से छूट रहेगी।
'वायरस की चेन तोड़ने की तैयारी'
डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर नवल किशोर राम ने कहा कि यह निर्णय कोरोना वायरस की चेन को तोड़ने के लिए लिया गया है। विस्तृत आदेश जल्द जारी किया जाएगा, इसकी जानकारी पुणे म्युनिसिपल कमिश्नर शेखर गायकवाड़ ने दी।
bhavtarini.com@gmail.com 