महानदी में बाढ़, 20 लोग फंसे, रेस्क्यू टीम ने सभी को सुरक्षित निकाला
पलारी
बलौदाबाजार में जारी भारी बारिश के दौर के बीच महानदी उफान पर है। नदी में 20 लोग फंस गए थे। हालांकि उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ये सभी मजदूर और डम्पर चालक है जो नदी में बाढ़ आने से पहले रेत का उत्खनन कर रहे थे। लेकिन अचानक आई बाढ़ में सभी मजदूर डम्पर सहित फंस गए।
जानकारी के मुताबिक घटना पलारी थाना क्षेत्र के गिदपुरी गांव की है। लगातार हो रही बारिश के चलते महानदी का जल स्तर अचानक बढ़ने से नदी में बाढ़ आ गई। यहां मंगलवार तड़के करीब 3.30 बजे अचानक आई बाढ़ के चलते करीब 8 ट्रक, डम्पर और 20 लोग नदी में फंस गए। ये सभी नदी में रेत का उत्खनन करने गए थे। इनमें हाइवा ट्रक और डम्पर के अलावा ड्राइवर और क्लीनर शामिल हैं।
फंसने के बाद ये सभी लोग काफी देर तक ट्रकों की छत पर बैठे रहे। वे नदी किनारे आवाज लगाकर लगातार मदद की गुहार लगाते रहे। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने सभी को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आपको बता दें कि बलौदाबाजार जिले में पिछले 72 घंटो से रुक-रुककर बारिश हो रही है जिससे जिले के सभी नदी नाले में जल स्तर बढ़ गया है।
bhavtarini.com@gmail.com 
