10 हजार की रिश्वत लेता वेयरहाउस का सर्वेयर गिरफ्तार

पन्ना
पन्ना के बड़ागांव स्थित वेयरहाउस में किसानों का 478 कुंतल अनाज जमा करने की एवज में 10 हजार की रिश्वत लेते वेयरहाउस का सर्वेयर भूपेंद्र सिंह राठौर को रंगे हाथों पकड़ा गया.खरीदी केंद्र हथकुरी के समिति प्रबंधक सियाशरण पटेरिया ने लोकायुक्त में शिकायत की थी कि 10 हजार की रिश्वत ना देने पर वेयरहाउस के कर्मचारी अधिकारी खाद्यान्न रिजेक्ट करने की धमकी दे रहे हैं और सर्वेयर भूपेंद्र राठोर 10,000 मांग रहा है.इस शिकायत पर लोकायुक्त ने यह कार्यवाही की.कार्यवाही करने सागर से आई लोकायुक्त की टीम में पहले घेराबंदी शुरू की.

जैसे ही समिति प्रबंधक ने पन्ना कृषि उपज मंडी परिसर में रिश्वत दी तत्काल लोकायुक्त ने दबोच लिया और रिश्वत सहित सर्वेयर भूपेंद्र राठौर को गिरफ्तार कर लिया.लोकायुक्त की छापा कार्यवाही पर किसानों ने खुशी जताई जो इस वेयर हाउस के सर्वेयर के उत्पीड़न से परेशान थे लेकिन अब तक शिकायत की हिम्मत नहीं जुटा पाए थे.अब तक खरीदी केंद्रों में किसानों को ठगी और परेशान करने के मामले सामने आते रहे हैं अब उन्हीं के अनाज को खरीदी केंद्र द्वारा वेयरहाउस में जमा करने की एवज में रिश्वत मांगने का यह नया मामला प्रकाश में आया.