28 पर्सेंट तक बढ़ा किराया, ईरान से तेल ढुलाई पर US ने चीन की शिपिंग कंपनी पर लगाया प्रतिबंध

28 पर्सेंट तक बढ़ा किराया, ईरान से तेल ढुलाई पर US ने चीन की शिपिंग कंपनी पर लगाया प्रतिबंध

 
सिंगापुर

सऊदी अरब में तेल प्लांट पर हमले के बाद पेट्रोल-डीजल के दामों में लगी आग और धधकने वाली है। अमेरिका द्वारा चीन की तेल ढोने वाली कंपनी COSCO पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद मिडिल ईस्ट से एशिया में क्रूड ढुलाई का किराया शुक्रवार को 28% तक उछल गया है।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिका ने यह कार्रवाई कथित तौर पर COSCO द्वारा ईरान से बाहर तेल ले जाने की वजह से की है। अमेरिका ने कहा है कि उसने यह बड़ी कार्रवाई ईरान लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने की वजह से की है। COSCO की दो इकाइयां और कुछ अन्य कंपनियां इसमें शामिल हैं। COSCO दुनिया की सबसे बड़ी तेल ढुलाई कंपनियों में से एक है, जिसके 50 से अधिक सुपरटैंकर्स तेल की ढुलाई करते हैं।

गौरतलब है कि अमेरिका राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने परमाणु कार्यक्रम को लेकर दबाव बनाने के लिए ईरान के तेल कारोबार पर प्रतिबंध लगा दिया है। अमेरिका की ताजा कार्रवाई के बाद एशिया के तेल खरीददार जहाजों की बुकिंग के लिए दौड़ पड़े।

मध्य पूर्व से उत्तरी एशिया के लिए अक्टूबर में तेल ढुलाई का किराया रातोंरात 19 पर्सेंट बढ़ गया। सिंगापुर बेस्ड क्रूड ट्रेडर ने कहा कि प्रति जहाज किराया 6 लाख डॉलर तक बढ़ गया है। मध्य पूर्व के भारत के पश्चिमी तट तक अक्टूबर के दूसरे सप्ताह का रेट 28 पर्सेंट तक बढ़ गया है। सूत्रों के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिडेट ने दो सुपरटैंकर्स बुक करा लिए हैं।