विश्व मधुमेह दिवस पर एमसीबी जिले के तीनों विकास खंडों में चला जागरूकता अभियान

विश्व मधुमेह दिवस पर एमसीबी जिले के तीनों विकास खंडों में चला जागरूकता अभियान

जिला चिकित्सालय चिरमिरी में प्रत्येक बुधवार को टाइप-1 मधुमेह के मरीजों के लिए निःशुल्क परामर्श की सुविधा

एमसीबी, विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर जिले के तीनों विकासखंडों मनेन्द्रगढ़, खड़गवां एवं भरतपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनपी-एनसीडी) के अंतर्गत जिले के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों, समय पर जांच, उपचार एवं बचाव की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया।
यह अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी (एनसीडी) डॉ. नम्रता चक्रवर्ती के समन्वय में संचालित किया गया। अभियान में जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल एवं सहायक नोडल अधिकारी (एनसीडी) अवनीश पाण्डेय का विशेष सहयोग रहा। विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर मधुमेह की समय पर पहचान और उपचार का संदेश दिया।

स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को किया जागरूक

विकासखंड भरतपुर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान अंतर्गत विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को टाइप-1 और टाइप-2 मधुमेह के अंतर, प्रमुख लक्षणों, संभावित जटिलताओं तथा उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मधुमेह की जांच के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शिक्षक एवं विद्यार्थियों सहित कुल 70 लोगों ने सहभागिता की। इसी प्रकार विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिरौली द्वारा ग्राम सिरौली में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को नियमित रक्त शर्करा जांच, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधियों और चिकित्सकीय परामर्श के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में आठ ग्रामीणों ने भाग लिया।

मधुमेह के लक्षणों को नजरअंदाज न करें

स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि बार-बार पेशाब आना, अत्यधिक प्यास लगना, भूख बढ़ना, बिना कारण वजन कम होना, लगातार थकान और धुंधला दिखाई देना मधुमेह के संभावित लक्षण हो सकते हैं। विशेष रूप से बच्चों में ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल रक्त शर्करा की जांच कराना आवश्यक है। टाइप-1 मधुमेह में समय पर पहचान और इंसुलिन उपचार जीवनरक्षक साबित हो सकता है। वहीं टाइप-2 मधुमेह की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वस्थ वजन और चिकित्सीय सलाह के अनुसार उपचार जरूरी है।

16 से 20 नवंबर तक स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष मधुमेह जांच अभियान

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 16 से 20 नवंबर 2026 तक मधुमेह सप्ताह के अंतर्गत जिले के समस्त स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष जांच एवं स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नागरिकों की रक्त शर्करा जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, उपचार एवं दवाओं के वितरण की व्यवस्था रहेगी। विभाग ने नागरिकों से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

टाइप-1 मधुमेह के मरीजों के लिए प्रत्येक बुधवार को विशेष क्लिनिक

जिला एनसीडी सेल ने बताया कि जिला चिकित्सालय चिरमिरी में प्रत्येक बुधवार को टाइप-1 डायबिटीज क्लिनिक संचालित किया जा रहा है। यहां बच्चों सहित टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क परामर्श एवं पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विभाग ने विशेष रूप से अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों में मधुमेह के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं तथा पहले से उपचाररत बच्चों को नियमित चिकित्सकीय निगरानी में रखें। स्वास्थ्य विभाग ने 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों एवं मधुमेह के जोखिम वाले व्यक्तियों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की है। साथ ही मधुमेह से पीड़ित मरीजों को निर्धारित दवाओं का सेवन और नियमित फॉलोअप जारी रखने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा कि मधुमेह की समय पर पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार से गंभीर जटिलताओं के जोखिम को कम कर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जिया जा सकता है।